लेह पहुंचे सर्जियो गोर, दलाई लामा से मुलाकात पर नजर, चीन-पाकिस्तान तक पहुंचा अमेरिकी दौरे का संदेश

Sergio Gor Leh Ladakh Dalai Lama Visit :  नई दिल्ली। अमेरिका के भारत में राजदूत और दक्षिण-मध्य एशिया के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत सर्जियो गोर (Sergio Gor) जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर है, दूसरे दिन वो लेह पहुंच गए हैं।

उनका यह दौरा रणनीतिक और कूटनीतिक नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। खास तौर पर लद्दाख पहुंचने के बाद उनकी गतिविधियों पर भारत, चीन और पाकिस्तान तीनों की नजर है।

सर्जियो गोर के लद्दाख दौरे के दौरान शेवतसेल टीचिंग ग्राउंड में तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा से मुलाकात करेंगे। बताया जा रहा है कि यह एक निजी और उच्चस्तरीय बैठक होगी। हालांकि, मुलाकात का विस्तृत एजेंडा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।

दलाई लामा से मुलाकात पर चीन की नजर

सर्जियो गोर और दलाई लामा की संभावित मुलाकात को कूटनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चीन दलाई लामा को राजनीतिक व्यक्ति मानता है और विदेशी सरकारों के प्रतिनिधियों की उनसे आधिकारिक मुलाकात का विरोध करता रहा है।

ऐसे में अमेरिकी राजदूत की दलाई लामा से मुलाकात बीजिंग का ध्यान खींच सकती है। खास बात यह है कि लेह भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी LAC के करीब स्थित है। इसलिए इस मुलाकात का रणनीतिक महत्व और बढ़ जाता है।

लद्दाख से चीन को संदेश?

सर्जियो गोर का लद्दाख दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब भारत और चीन के बीच सीमा को लेकर लंबे समय तक तनाव रहा है। साल 2020 में गलवान घाटी में दोनों देशों के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प के बाद रिश्तों में काफी तनाव आया था।

ऐसे में गलवान के बाद किसी अमेरिकी राजदूत का लद्दाख दौरा अपने आप में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमेरिका पहले भी LAC पर यथास्थिति बदलने की कोशिशों का विरोध कर चुका है।

हालांकि, गोर के दौरे को सीधे तौर पर चीन के खिलाफ अमेरिकी कदम कहना जल्दबाजी होगी। लेकिन यह जरूर माना जा सकता है कि अमेरिका भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों और वहां की सुरक्षा चुनौतियों को करीब से समझने में रुचि दिखा रहा है।

कश्मीर दौरे में उमर और सिन्हा से मुलाकात

लद्दाख पहुंचने से पहले सर्जियो गोर बुधवार को जम्मू-कश्मीर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने श्रीनगर में रात बिताई।

कश्मीर घाटी के दौरे को भी कूटनीतिक नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पाकिस्तान लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कश्मीर का मुद्दा उठाता रहा है। ऐसे में अमेरिकी राजदूत का सीधे जम्मू-कश्मीर का दौरा भारत के साथ अमेरिकी संबंधों को लेकर एक महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

कुल मिलाकर, सर्जियो गोर का यह दौरा भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी के साथ-साथ चीन और पाकिस्तान के लिए भी कई कूटनीतिक संदेशों से जुड़ा माना जा रहा है। अब सबकी नजर लेह में उनकी गतिविधियों और दलाई लामा के साथ संभावित मुलाकात पर है।

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।