राजस्थान में निकाय चुनाव का बजा बिगुल, 309 निकायों में दो चरणों में होगी वोटिंग; आचार संहिता लागू

जयपुर

Rajasthan Local Body Election 2026 Date : जयपुर। राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनावों का बिगुल बज गया है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी कार्यक्रम की घोषणा कर दी है, जिसके साथ ही संबंधित निकायों में आदर्श आचार संहिता तुरंत लागू हो गई है। इस बार प्रदेश के कुल 309 निकायों में चुनाव कराए जाएंगे। आयोग की घोषणा के साथ ही प्रशासनिक ट्रांसफर और नई विकास योजनाओं की घोषणाओं पर रोक लग गई है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि 309 नगर निकाय और 10 नगर निगमों में चुनाव होंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव दो चरणों में संपन्न करवाए जाएंगे। निर्वाचन आयोग के मुताबिक 9 सितंबर और 11 सितंबर को दो चरणों में चुनाव होंगे और 14 सितंबर को मतगणना होगी।

जयपुर नगर निगम में सबसे अधिक मतदाता

राजेश्वर सिंह के मुताबिक इस चुनाव में कुल 1 करोड़ 44 लाख 3 हजार 853 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जयपुर नगर निगम में सबसे अधिक मतदाता हैं। प्रदेश के इन निकायों में कुल 10,245 वार्ड हैं, जहां 16,465 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के माध्यम से कराया जाएगा। सभी निर्वाचन अधिकारियों को ईवीएम ट्रैकिंग सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराया गया है, जिससे मशीनों की निगरानी और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

प्रदेशभर में आचार संहिता लागू

वहीं नगर निकायों के अध्यक्ष के चुनाव 21 सितंबर और उपाध्यक्ष के चुनाव 22 सितंबर को होंगे और उसी दिन वोटों की गिनती होगी। अधिसूचना जारी होते ही तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता भी लग गई है। करीब 1.15 लाख कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी और 98790 पुलिस कर्मी तैनात होंगे।

10,245 पार्षद सीटों के लिए होंगे चुनाव

309 शहरी स्थानीय निकायों में 10,245 पार्षद सीटों के लिए चुनाव होंगे। इन निकायों में 10 नगर निगम, 51 नगर परिषद और 248 नगरपालिकाएं शामिल हैं। सबसे पहले पार्षद पद के लिए चुनाव होंगे, उसके बाद मेयर, नगर परिषद अध्यक्ष और नगरपालिका अध्यक्षों के चुनाव होंगे।

मतदान के लिए 11 दस्तावेज मान्य

मतदान के लिए 11 दस्तावेज मान्य होंगे। महत्वपूर्ण बात यह है कि केवल वे ही दस्तावेज स्वीकार किए जाएंगे, जो चुनाव की घोषणा से पहले जारी हुए हों। आयोग ने स्पष्ट किया है कि घोषणा के बाद जारी किसी भी दस्तावेज को वोटिंग के लिए मान्य नहीं माना जाएगा।

आचार संहिता के बाद इन पर रहेगी रोक

आचार संहिता लागू होने के बाद, सरकार को उन शहरी इलाकों में नए विकास प्रोजेक्ट्स की घोषणा करने की अनुमति नहीं होगी जहां चुनाव हो रहे हैं। कोई नया वर्क ऑर्डर जारी नहीं किया जा सकता और न ही नए प्रोजेक्ट शुरू किए जा सकते हैं। हालांकि, मौजूदा मंजूरी के आधार पर चल रहे विकास कार्य जारी रहेंगे। मॉडल कोड लागू रहने के दौरान नए प्रोजेक्ट्स के उद्घाटन और शिलान्यास समारोहों पर भी रोक रहेगी।

अब तेज होगी चुनावी हलचल

चुनाव कार्यक्रम सामने आने के बाद राजस्थान के शहरों और कस्बों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने वाली हैं। अलग-अलग वार्डों में संभावित उम्मीदवार सक्रिय होंगे और राजनीतिक दल अपने प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देंगे। फिलहाल सबसे बड़ा बदलाव यह है कि चुनाव वाले क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। ऐसे में नए विकास कार्यों की घोषणा और नए वर्क ऑर्डर पर रोक रहेगी।

HC के निर्देश के बाद हो रहे चुनाव

ये चुनाव राजस्थान हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद कराए जा रहे हैं। कोर्ट ने शहरी स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनाव में देरी पर चिंता जताई थी और निर्देश दिया था कि चुनाव 15 नवंबर तक पूरे कर लिए जाएं। कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया था कि आरक्षण लॉटरी प्रक्रिया 15 अगस्त तक पूरी कर ली जाए। स्थानीय स्वशासन विभाग ने पदों और वार्डों के आरक्षण के लिए लॉटरी प्रक्रिया पूरी कर ली है और विवरण राज्य चुनाव आयोग को भेज दिया है।

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।