Loading...

Udhayanidhi Stalin Trisha Remark Case : तृषा पर टिप्पणी: उदयनिधि स्टालिन हिरासत में, विपक्ष ने खोला मोर्चा

Udhayanidhi Stalin Trisha Remark Case : तृषा पर टिप्पणी: उदयनिधि स्टालिन हिरासत में, विपक्ष ने खोला मोर्चा

Udhayanidhi Stalin Trisha Remark Case : चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में एक बार फिर विवाद तेज हो गया है। द्रमुक (DMK) नेता और तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन (Udhayanidhi Stalin) विवादों में घिर गए हैं।

एक रैली के दौरान कथित तौर पर अभिनेत्री तृषा कृष्णन (Trisha Krishnan Controversy) को लेकर किए गए एक आपत्तिजनक टिप्पणी पर उदयनिधि स्टालिन की कड़ी आलोचना हो रही है। इस मामले में उदयनिधि को हिरासत में लिया है। उनके खिलाफ पुलिस ने छह धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं, गिरफ्तारी से बचने के लिए उदयनिधि ने मद्रास हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई टिप्पणी

दरअसल, सोमवार को तंजावुर में कावेरी जल विवाद पर हुई रैली में उदयनिधि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर निशाना साध रहे थे। इसी दौरान भीड़ से ‘तृषा, तृषा’ के नारे लगे। आरोप है कि इस पर उन्होंने कहा, ‘पानी कहीं और पहुंचे या न पहुंचे, वहां जरूर पहुंचना चाहिए।’ बाद में उन्होंने सफाई दी कि उनका इशारा कावेरी के पानी की ओर था। जिसके बाद टीवीके की तंजावुर केंद्रीय जिला महिला विंग की संयोजक एस. बैरवी ने तंजावुर पूर्व पुलिस थाने में उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही टीवीके ने इस मामले को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग में भी शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उदयनिधि ने तृषा पर दिया क्या विवादित बयान?

वायरल वीडियो के अनुसार, उदयनिधि ने कहा, “कावेरी का एक बूंद पानी भी नहीं मिला। लेकिन क्या मुख्यमंत्री ने इस पर मुंह खोला? नहीं। उन्हें केवल द्रमुक के खिलाफ ‘झूठे मामले’ दर्ज कराने की चिंता है।” इसी दौरान नारेबाजी जारी रहने पर उन्होंने मुस्कुराते हुए एक टिप्पणी की, जिसे कई लोगों ने अभिनेत्री तृषा और मुख्यमंत्री विजय के कथित संबंधों को लेकर सोशल मीडिया पर लंबे समय से चल रही अटकलों से जोड़कर देखा।

Advertisement

टीवीके ने जताई टिप्पणी पर आपत्ति

वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए टीवीके विधायक रेवंत चरण ने कहा कि यह टिप्पणी पूरी तरह आपत्तिजनक है और किसी के बारे में इस तरह की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि यह द्रमुक की राजनीतिक संस्कृति और गिरते स्तर को दर्शाता है। उनका यह भी दावा था कि कावेरी मुद्दे पर आयोजित विरोध प्रदर्शन को अपेक्षित समर्थन नहीं मिला, इसलिए द्रमुक सोशल मीडिया पर ध्यान आकर्षित करने के लिए “सस्ती उकसावे वाली राजनीति” का सहारा ले रही है। रेवंत ने कहा कि अहंकार और अभद्रता का यह रवैया द्रमुक की जनस्वीकृति को और कमजोर करेगा।

उदयनिधि पर कई धाराओं पर केस

एफआईआर में उदयनिधि स्टालिन पर महिला की गरिमा का अपमान करने, जानबूझकर अपमान कर शांति भंग करने, अलग-अलग समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने, आपराधिक साजिश रचने और आपराधिक धमकी देने जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा उनके खिलाफ तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम, 2002 और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 67 के तहत भी केस दर्ज किया गया है।

आवास पर भारी पुलिस बल की हुई थी तैनाती

उदयनिधि स्टालिन को गिरफ्तार करने से पहले उनके आवास पर पुलिस की भारी संख्या में तैनाती की गई थी। दरअसल, उदयनिधि की विवादित टिप्पणी के बाद टीवीके के कार्यकर्ताओं ने उनके आवास का घेराव करने का ऐलान किया था। इसी के मद्देनजर पुलिस ने एहतियातन पहले से ही वाली पुलिसकर्मियों की तैनाती की थी।

डीएमके ने आरोपों का किया खंडन

उदयनिधि स्टालिन की कथित टिप्पणियों पर बढ़ते विरोध के बीच डीएमके नेता टीआर बालू ने कथित तौर पर आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष के नेता ने किसी व्यक्ति विशेष का जिक्र नहीं किया था। बालू ने कहा, “उन्होंने उस महिला के बारे में एक शब्द भी नहीं कहा है। यह सब झूठ है।”

हिरासत में लिए जाने की आलोचना करते हुए डीएमके के राज्यसभा सांसद पी विल्सन ने आरोप लगाया कि इस विवाद का इस्तेमाल कावेरी जल विवाद और कर्नाटक द्वारा कथित तौर पर पानी छोड़ने में विफल रहने को लेकर राज्य की चिंताओं से ध्यान हटाने के लिए किया जा रहा है।

विजय और तृषा के रिश्ते की चर्चाएं

तृषा कृष्णन और अभिनेता सी. जोसेफ विजय ने ‘घिल्ली’, ‘थिरुपाची’, ‘आथि’, ‘कुरुवी’ और ‘लियो’ जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया है। दोनों की जोड़ी तमिल सिनेमा की सबसे सफल जोड़ियों में गिनी जाती है। पिछले कुछ वर्षों से दोनों के निजी रिश्ते को लेकर लगातार चर्चाएं और अटकलें लगती रही हैं। साथ में सार्वजनिक कार्यक्रमों और तिरुमाला मंदिर में दिखने के बाद ये चर्चाएं और बढ़ीं। हालांकि, विजय और तृषा ने कभी भी इन चर्चाओं की पुष्टि नहीं की है और न ही अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक बयान दिया है।

भाजपा ने गिरफ्तारी की मांग की

तमिलनाडु भाजपा ने भी उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणी की आलोचना करते हुए इसे घृणित, अश्लील, अभद्र और शर्मनाक बताया। राज्य भाजपा के प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की चुप्पी पर भी सवाल उठाया और उदयनिधि की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई मुख्यमंत्री विजय की विश्वसनीयता को मजबूत करेगी।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।