Loading...

कश्मीर से हिमाचल तक बारिश का कहर… MP-छत्तीसगढ़ में रेड अलर्ट, जानें राजस्थान के मौसम का हाल

कश्मीर से हिमाचल तक बारिश का कहर… MP-छत्तीसगढ़ में रेड अलर्ट, जानें राजस्थान के मौसम का हाल

Follow us

Share

IMD Rainfall Alert Many states In India : नई दिल्ली/जयपुर। देश के पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश ने तबाही मचाई है। उत्तराखंड और हिमाचल में भूस्खलन व बारिश के चलते सैकड़ों सड़कें बंद हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में बादल फटने सैलाब के रूप में भारी मलबा नीचे आया और कई घरों में भर गया। बारिश और तेज आंधी से कई पेड़ भी गिर गए। उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से तीर्थयात्रा के रास्ते बंद हो गए। खराब मौसम के चलते चारधाम यात्रा 2 दिनों के लिए रोक दी गई है। चंपावत, बागेश्वर और टिहरी में सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून चरम पर है। इस वक्त देश के ऊपर दो सिस्टम मौजूद हैं। बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया आज ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ से होते हुए आगे बढ़ रहा है। इसके असर को देखते हुए IMD ने अगले 4-5 दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में सामान्य से ज्यादा और अगले 5-6 दिनों में पूर्वी भारत में भारी बारिश जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, झारखंड और कुछ अन्य प्रदेशों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात

छत्तीसगढ़ में लगातार चार दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदियां उफान पर हैं, पानी भरने से फसलों को नुकसान पहुंचा है और कई पुल-पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई हैं। मंगलवार को बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

असम में बाढ़ में मरने वालों की संख्या 75 हुई, 7 जिले प्रभावित

असम में बाढ़ की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। लेकिन, हालात अभी भी खराब बने हुए है। राज्य में इस साल बाढ़ और उससे जुड़ी घटनाओं में अब तक 75 लोगों की मौत हो चुकी है। बुधवार तक सात जिलों में 3.32 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और 750 से ज्यादा गांव अब भी पानी में डूबे हुए हैं। करीब 45 हजार हेक्टेयर फसल क्षेत्र को भी नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बाढ़ में जान गंवाने वालों के परिवारों को 9 लाख रुपए की सहायता देने का ऐलान किया है। इसके अलावा विस्थापित परिवारों को 15 हजार रुपए, छात्रों को 1,000 से 5,000 रुपए की बुक ग्रांट और खोए हुए शैक्षणिक दस्तावेज मुफ्त में दोबारा जारी किए जाएंगे।

Advertisement

दिल्ली में मानसून फिर सक्रिय

दिल्ली में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। इसकी वजह से आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इस समय मानसून ट्रफ दिल्ली के दक्षिणी हिस्से से गुजर रही है। साथ ही, बंगाल की खाड़ी से बना गहरा कम दबाव (डिप्रेशन) भी पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तट पर पहुंच चुका है। इसके अलावा, राजस्थान में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। साथ ही, दूसरा चक्रवाती परिसंचरण मध्य उत्तर प्रदेश में है, जो दिल्ली-एनसीआर के काफी करीब है। इन तीनों सिस्टम के एक साथ सक्रिय होने से बारिश के लिए अनुकूल माहौल बन गया है।

राजस्थान में 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी

राजस्थान में मानसून फिर से एक्टिव होने के से तेज बारिश दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 22 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को टोंक, जयपुर, भरतपुर, सवाई माधोपुर, टोंक, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, झालावाड़ समेत कई जिलों में 1 से 4 इंच तक बारिश हुई। इधर उत्तरी राजस्थान में मौसम साफ रहने से गर्मी तेज हो गई। श्रीगंगानगर में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया, लेकिन शाम होने के बाद यहां भी बारिश का दौर शुरू हो गया। मौसम विभाग ने प्रदेश में 2 अगस्त तक बारिश का दौर चलने, जबकि उदयपुर, कोटा संभाग के एरिया में 30-31 जुलाई को कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।