Loading...

पहाड़ी राज्यों में बारिश का कहर, देश में फिर सक्रिय हुआ मानसून; MP-राजस्थान समेत 13 राज्यों में अलर्ट

पहाड़ी राज्यों में बारिश का कहर, देश में फिर सक्रिय हुआ मानसून; MP-राजस्थान समेत 13 राज्यों में अलर्ट

Follow us

Share

IMD Weather Update In India : नई दिल्ली/जयपुर। देशभर में मानसून की गतिविधियां फिर तेज होने लगी हैं। अगले दो दिनों में पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सहित 13 राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, राजधानी दिल्ली और इसके आस-पास के इलाकों में रात से ही बारिश हो रही है, जिससे दिल्ली-NCR में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई है। IMD ने अगले दो दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

देश के कई राज्यों में मानसून का कहर देखने को मिल रहा है। कई हिस्सों में इसका रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसूनी बारिश के बाद बाढ़, भारी बारिश और लैंडस्लाइड कई राज्यों में आफत बने हुए हैं। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश से हालात गंभीर बने हुए हैं। पिछले दो दिनों में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। वहीं पुंछ और राजौरी के बाढ़ प्रभावित इलाकों में 7 लोग अब भी लापता हैं। लगातार बारिश के कारण राहत और बचाव अभियान प्रभावित हुआ। इधर, सोमवार को भारी बारिश के बाद असम के गुवाहाटी में लैंडस्लाइड हुई। इसके बाद नेशनल हाईवे-715 का एक हिस्सा पानी में डूब गया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राज्य के 12 जिलों में 1.70 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। वहीं राजस्थान में दो सप्ताह बाद मानसून एक बार फिर एक्टिव होने से जयपुर समेत 33 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इधर, मध्यप्रदेश के करीब 90 फीसदी हिस्से में अगले 4 दिन यानी 23 जुलाई तक हल्की बारिश का दौर बना रहेगा। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 21 जुलाई से भारी बारिश होने की आशंका के मद्देनजर रेड अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून

मध्य प्रदेश में लंबे समय बाद मानसून फिर सक्रिय हो गया है। 24 घंटे में भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर समेत 30 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश राजगढ़ में 4.1 इंच दर्ज की गई। वहीं रायसेन में 2.5 इंच, उमरिया में 2 इंच, नरसिंहपुर और सागर में 1.5-1.5 इंच, टीकमगढ़ में 1.1 इंच और मंडला में 1 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, सीहोर, खंडवा, नर्मदापुरम, शाजापुर, विदिशा, सतना, सीधी, रीवा, छतरपुर, दतिया, दमोह, बालाघाट, शिवपुरी, छिंदवाड़ा, बैतूल, गुना, उज्जैन, आगर-मालवा और देवास समेत कई जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि 24 से 48 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।

यूपी में सभी जिलों में अलर्ट

उत्तरप्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार सुबह से लखनऊ, कानपुर समेत 20 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। लखनऊ में 48 घंटों से बारिश का सिलसिला जारी है। पूरे प्रदेश में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में प्रयागराज में बारिश के बाद सड़कें तालाब बन गईं। बारिश का पानी घरों में घुस गया। वहीं कौशांबी में हुई जोरदार बारिश के बाद घरों में पानी भरने से सोफे-कुर्सियां तैरती दिखीं। पीलीभीत और बहराइच में खराब मौसम की वजह से सभी स्कूलों की छुट्‌टी कर दी गई। इधर, यूपी में कई नदियां उफान पर हैं। लखीमपुर में शारदा नदी का पानी गांवों में घुस गया है। पानी के साथ मगरमच्छ भी गांव तक पहुंच गए हैं। खेतों और सड़कों पर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। इससे पहले, सोमवार को गोरखपुर, अयोध्या समेत 50 जिलों में बारिश हुई। प्रदेश में पिछले 3 दिनों में बारिश और बिजली गिरने की वजह से 10 लोगों की मौत हो गई।

Advertisement

राजस्थान में मानसून ने पकड़ी रफ्तार

राजस्थान में सुस्त पड़े मानसून की रफ्तार एक बार फिर तेजी पकड़ने जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की रिपोर्ट के अनुसार, मानसून की ट्रफ लाइन अपनी सामान्य स्थिति में लौट आई है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से उठने वाली मानसूनी हवाएं राज्य के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में सक्रिय हो रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में बारिश का दौर तेज होगा। मंगलवार सुबह से सीकर, झालावाड़, बारा, चूरू सहित 7 जिलों में रुक-रुककर बारिश हुई। सीकर में करीब 6 घंटें तक हुई बारिश से शहर के अधिकतर हिस्सों में दो-चार फीट तक पानी भर गया है। वहीं चूरू में भी 5 घंटे तक हल्की बारिश हुई। वहीं, जयपुर में सोमवार देर शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर मंगलवार सुबह 7 बजे तक जारी रहा। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 33 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिन पूरे प्रदेश में तेज बारिश की संभावना है। बुधवार को जयपुर-भरतपुर संभाग में भारी बारिश की भी आशंका है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।