Loading...

श्रीगंगानगर में भीषण सड़क हादसा, आर्मी ट्रक और एम्बुलेंस में भिड़ंत, हादसे में मां और बेटा-बेटी की मौत

श्रीगंगानगर में भीषण सड़क हादसा, आर्मी ट्रक और एम्बुलेंस में भिड़ंत, हादसे में मां और बेटा-बेटी की मौत

Follow us

Share

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। सूरतगढ़ में सेना के ट्रक (एंबुलेंस/मेडिकल सपोर्ट) से भिड़ंत में प्राइवेट एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कैंसर पीड़ित महिला, उसके बेटे और बेटी की मौत हो गई, जबकि एक बेटा और एम्बुलेंस ड्राइवर घायल हो गए। यह हादसा रविवार सुबह करीब 5:30 बजे सूरतगढ़ के ढाबा बस स्टैंड के पास नेशनल हाईवे-62 पर हुआ। जानकारी के अनुसार, परिवार कैंसर पीड़ित महिला का जयपुर में इलाज कराने के बाद घर लौट रहा था। रास्ते में एबुलेंस ने ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान सामने से आ रहे सेना की गाड़ी से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद प्राइवेट एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसे के समय निजी एबुलेंस में कैंसर पीड़ित महेंद्र कौर (56) पत्नी कृष्ण सिंह, उनके बेटे सतनाम सिंह (26) और रामप्रकाश (32), बेटी लक्ष्मी देवी (26) पत्नी कृष्णलाल तथा एम्बुलेंस ड्राइवर राजवीर सवार थे। इलाज के बाद सभी जयपुर से श्रीगंगानगर लौट रहे थे।

तीन दिन पहले इलाज के लिए गए थे जयपुर

घड़साना (श्रीगंगानगर) निवासी मोहन सिंह (70) ने बताया कि उनके छोटे भाई कृष्ण सिंह का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार वर्तमान में अंबिका एन्क्लेव-2, श्रीगंगानगर में रहता है। महेंद्र कौर कैंसर से पीड़ित थीं। तीन दिन पहले यानी 2 जुलाई 2026 को उनके दोनों बेटे सतनाम सिंह और रामप्रकाश तथा बेटी लक्ष्मी देवी उन्हें इलाज के लिए जयपुर लेकर गए थे। डॉक्टर को दिखाने के बाद शनिवार शाम को सभी निजी एम्बुलेंस से वापस रवाना हुए।

सूरतगढ़ के पास हुआ हादसा

मोहन सिंह के अनुसार, रविवार सुबह सूरतगढ़ के ढाबा बस स्टैंड से करीब आधा किलोमीटर पहले एम्बुलेंस हादसे का शिकार हो गई। हादसे में महेंद्र कौर, लक्ष्मी देवी और सतनाम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामप्रकाश और एम्बुलेंस चालक राजवीर घायल हो गए।

सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चरी में रखवाया। पुलिस प्रशासन घटनास्थल पर मौजूद है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Advertisement

भारतीय सेना ने जताया दुख

भारतीय सेना ने इस दुखद दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया कि दुर्घटना में तीन नागरिकों की मृत्यु हो गई। घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराते हुए अस्पताल पहुंचाया गया। सेना दिवंगत नागरिकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती है तथा जांच में नागरिक प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराती है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम लगा रहा। इस घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।