Loading...

पति ने इन्फ्लुएंसर पत्नी की हत्या की, बच्चों के सामने बेडरूम से खींचकर लाया… फिर चाकू से गोदा

पति ने इन्फ्लुएंसर पत्नी की हत्या की, बच्चों के सामने बेडरूम से खींचकर लाया… फिर चाकू से गोदा

Follow us

Share

Nisha Chaushan Murder In Meerut : मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सरूरपुर थाना क्षेत्र के हर्रा कस्बे में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशा चौहान (40) की पति ने हत्या कर दी। रील बनाने, प्रॉपर्टी और घरेलू विवाद में हुई कहासुनी के बाद पति पत्नी पर चाकू लेकर टूट पड़ा और तब तक हमला किया जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। मां की चीख सुनकर बचाने आया बेटा भी इस हमले में घायल हो गया। वारदात के बाद पति प्रदीप चौहान (42) ने खुद पर भी कई वार किए। वह बुरी तरह जख्मी हो गया। बच्चे चीखते-चिल्लाते बाहर आए। पड़ोसी अंदर पहुंचे तो फर्श पर निशा खून से लथपथ पड़ी थी। कुछ दूरी पर घायल प्रदीप भी तड़प रहा था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर्स ने महिला इन्फ्लुएंसर को मृत घोषित कर दिया। यह दिल दहला देने वाली घटना मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के हर्रा कस्बे की है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच 1170 वर्ग फुट जमीन की रजिस्ट्री को लेकर काफी समय से मतभेद चल रहा था। बताया जा रहा है कि आज ही जमीन की रजिस्ट्री होनी थी। निशा चाहती थीं कि जमीन उनके नाम पर दर्ज हो, जबकि प्रदीप इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक हो गया। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम और अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और सबूत जुटाए। पुलिस ने बच्चों से पूछताछ की। घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

निशा को REEL बनाने का शौक था, प्रदीप AC टेक्नीशियन

पुलिस के मुताबिक, मेरठ के हर्रा कस्बे में निशा चौहान पति प्रदीप, दो बेटे देव (17), शुभ (16) और बेटी एंजेल (12) के साथ रहती थीं। निशा ब्यूटी पार्लर चलाती थी। उसे REEL बनाने का शौक था। इंस्टाग्राम पर निशा खुद को रील क्रिएटर, ब्यूटिशियन और एक्ट बताती थी। प्रदीप AC टेक्नीशियन है।

पड़ोसी बोले- बच्चों ने सुनाया पूरा किस्सा

पड़ोसियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे घर से तेज चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं। निशा और प्रदीप के बीच बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। इस बीच बच्चे भागते हुए बाहर निकले। इसके बाद आसपास के लोग तुरंत घर के अंदर पहुंचे। वहां निशा खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थीं, जबकि कुछ दूरी पर प्रदीप भी गंभीर हालत में घायल पड़ा था। इमने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए, सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

Advertisement

निशा को बेडरूम से खींचकर हॉल में लाया, चाकुओं से गोदा

अब तक जांच में पुलिस को पता चला है कि निशा और प्रदीप के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। प्रदीप, निशा को बेडरूम से खींचकर बाहर हॉल में लाया। चाकू से हमला कर दिया। उसके गले पर भी वार किए। निशा खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। इसके बाद प्रदीप ने खुद पर भी चाकू से हमला किया।

इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय थीं निशा

निशा चौहान सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं। वह ब्यूटी पार्लर चलाने के साथ-साथ इंस्टाग्राम पर रील्स भी बनाती थीं। निशा चौहान की इंस्टाग्राम आईडी rajputnisha_5m नाम से है। नाम निशा राजपूत लिखा है। 24.4 हजार फॉलोवर हैं। अब तक 960 पोस्ट किए हैं। 10 लोगों को फॉलो करती थी। बायो में ‘आप सबका प्यार’, ‘टारगेट 50 हजार’, ‘जय श्रीराम’ और ‘जय भवानी’ लिखा है। यूट्यूब चैनल का लिंक भी दिया है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।