Loading...

गुजरात-एमपी में जैश के 8 आतंकी गिरफ्तार, गुजरात में थी नेटवर्क फैलाने की कोशिश

गुजरात-एमपी में जैश के 8 आतंकी गिरफ्तार, गुजरात में थी नेटवर्क फैलाने की कोशिश

Follow us

Share

अहमदाबाद। गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात और मध्य प्रदेश से जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े 8 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ATS का दावा है कि ये आरोपी गुजरात में संगठन का सक्रिय नेटवर्क तैयार करने की कोशिश कर रहे थे, जिससे भविष्य में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम दिया जा सके। सुरक्षा एजेंसियां अब आरोपियों के संपर्कों, उनके नेटवर्क और संभावित योजनाओं की गहराई से जांच कर रही हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

ATS की ओर से गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अहमद अब्दुल्ला गाजीवाला उर्फ अबू उबैदा (19), इब्राहिम मोहम्मद हुसैन घाघा उर्फ अबू हमजा (30), मुदस्सिर अब्दुल्ला गाजीवाला उर्फ अबू आया (22), जकारिया दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा उर्फ इब्न अम्मार उर्फ जकारिया पालनपुरी (21), मुफ्ती फौजान इस्माइल दौवा उर्फ मुफ्ती साहब (40), मोहम्मद अमीन शेरा उर्फ अमीन पालनपुरी (21), मोहम्मद अब्दुल रहमान सावदी उर्फ मोहम्मद पालनपुरी उर्फ अबू उनीसा (22) और बिलाल दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा उर्फ अबू दुजाना उर्फ अबू सुफियान उर्फ अबू जुंदाल उर्फ उमर बिन खत्ताब (18) शामिल हैं।

कई जिलों से जुड़े हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में कुछ बनासकांठा जिले के पालनपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि कुछ पाटन और नवसारी स्थित मदरसों से जुड़े बताए गए हैं। वहीं एक आरोपी मध्य प्रदेश के देवास जिले का निवासी है। ATS अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन सभी के बीच संपर्क कैसे स्थापित हुआ और संगठन के लिए उनकी भूमिका क्या थी। ATS ने गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और आतंकी संगठन से कथित संबंधों के आरोपों की जांच शुरू कर दी है।

पाकिस्तान का आतंकवादी संगठन है जैश ए मोहम्मद

बता दें जैश ए मोहम्मद (JeM) पाकिस्तान का आतंकवादी संगठन है। इसे आतंकी मसूद अजहर ने साल 2000 में बनाया था। इस पर भारत समेत कई देशों में आतंकी हमलों को अंजाम देने के आरोप हैं। जैश का मुख्यालय पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलपुर में है। ये संगठन पाकिस्तान के कई इलाकों में ट्रेनिंग कैम्प और आतंकी नेटवर्क संचालित करता है। इसके मुखिया आतंकी मसूद अजहर को साल 1994 में जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, दिसंबर 1999 में इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC-814 के अपहरण के बाद बंधकों की रिहाई के बदले भारत सरकार ने उसे रिहा कर दिया था।

Advertisement

भारत में 6 बार हमला करवा चुका है जैश

आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद भारत में अभी तक छह बाहर हमले करवा चुका है। जैश ने अप्रैल 2000 में सेना के हेडक्वार्टर पर आत्मघाती हमला करवाया था। 17 साल के आतंकी ने जम्मू कश्मीर में इस हमले को अंजाम दिया था। इसके बाद अक्तूबर 2001 में जम्मू कश्मीर विधानसभा पर हमला करवाया गया। इसके बाद पठानकोट एयरबेस पर जनवरी 2016 में हमला हुआ। उरी के सेना हेडक्वार्टर पर सितंबर 2016 में अटैक हुआ। पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर भी अटैक हुआ था।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।