Loading...

डे-केयर में बच्चे से हैवानियत, बच्चे को बाथरूम में बंद किया; वॉशिंग मशीन में बैठाया… मुंह में टॉयलेट का पानी डाला

डे-केयर में बच्चे से हैवानियत, बच्चे को बाथरूम में बंद किया; वॉशिंग मशीन में बैठाया… मुंह में टॉयलेट का पानी डाला

Follow us

Share

Bengaluru Day Care Cruelty : बेंगलुरु। कर्नाटक के बेंगलुरु में ब्रुकफील्ड स्थित आईटी कंपनी कैपजेमिनी के परिसर में बने डे-केयर सेंटर में मासूम से हैवानियत का मामला सामने आया है। डे-केयर की महिला कर्मचारियों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए दो-तीन साल के बच्चों को फ्रंट-लोडिंग वॉशिंग मशीन के अंदर डाल दिया। सेंटर के कुछ वीडिया वायरल हैं, जिसमें यहां का महिला स्टाफ एक बच्चे से गलत व्यवहार करता दिख रहा है।

वीडियो में हैवानियत की सभी सीमाएं टूटीं

जानकारी के मुताबिक, 29 जून को डे-केयर सेंटर के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इन वीडियो में छोटे बच्चों के साथ ऐसा व्यवहार दिखाई दे रहा है, जिसने हर किसी को झकझोर दिया। एक वीडियो में एक बच्चा टॉयलेट के अंदर बंद है। वह फर्श पर लेटकर जोर-जोर से रो रहा है, जबकि वहां मौजूद एक महिला उसका वीडियो बना रही है।

डे-केयर के वायरल वीडियो ने चौंकाया

वीडियो में बच्चा टॉयलेट में बंद है, फर्श पर लेटा हुआ है और जोरों से रो रहा है। एक महिला बच्चे के बिलखने का वीडियो बना रही है। एक और वीडियो में महिला बच्चे को टॉयलेट सीट पर बैठाकर उसके मुंह पर जेट स्प्रे से पानी डाल रही है। इसके अलावा बच्चे को फ्रंट लोड वॉशिंग मशीन के ड्रम में बैठाकर रखा गया है। इतना ही नहीं, मासूम को बाथरूम में बंद कर दिया और चुप रहने के लिए धमकाया।
सेंटर की पुष्टि होने की बाद पुलिस ने 5 महिला केयरगिवर के खिलाफ केस दर्ज किया। हालांकि, कितने बच्चों के साथ गलत व्यवहार हुआ इसकी डिटेल सामने नहीं आई है।

Advertisement

पुलिस बोली- IT प्रोफेशनल है बच्चों के माता-पिता

डीसीपी सैदुलु अडावथ ने कहा कि डे-केयर में आने वाले बच्चे कैंपस में काम करने वाले प्रोफेशनल्स के हैं, जिन्हें उनके माता-पिता ड्यूटी के दौरान यहां छोड़ते थे। वीडियो देखकर माता-पिता और अधिकारी दोनों हैरान रह गए। बच्चों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह बेहद गंभीर है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि डे-केयर सेंटर का संचालन सीधे कैपजेमिनी कर रही थी या कंपनी परिसर में किसी बाहरी एजेंसी को इसकी जिम्मेदारी दी गई थी। पांचों महिला कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। कर्नाटक राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी मामले का संज्ञान लिया है। आयोग अधिकारियों से रिपोर्ट मांगेगा और अपने स्तर पर जांच करेगा।

कंपनी ने बंद किया डे-केयर सेंटर

कैपजेमिनी ने कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है। एहतियात के तौर पर बेंगलुरु स्थित ऑन-कैंपस डे-केयर सेंटर को फिलहाल अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

50 से ज्यादा देशों में फैली हैं कंपनी

कैपजेमिनी दुनिया की बड़ी IT कंपनियों में शामिल है। इसका हेडक्वॉर्टर फ्रांस की राजधानी पेरिस में है। कंपनी सॉफ्टवेयर, क्लाउड, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सिक्योरिटी और कंसल्टिंग से जुड़ी सेवाएं देती है। इसके ऑफिस 50 से ज्यादा देशों में है। दुनियाभर में करीब 3.5 लाख कर्मचारी काम करते हैं। भारत में बेंगलुरु, पुणे, मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई, गुरुग्राम, नोएडा और कोलकाता समेत कई शहरों में इसके बड़े ऑफिस हैं।

जानिए क्या होते हैं डे-केयर

डे-केयर सेंटर वह जगह है, जहां छोटे बच्चों की दिनभर देखभाल, सुरक्षा और शुरुआती सीखने की गतिविधियों का ध्यान रखा जाता है। बड़े शहरों में माता-पिता दोनों की नौकरी पेशा हैं तो ऐसे में कपल अपने बच्चों को इन डे-केयर में तय समय के लिए छोड़ देते हैं, यहां बच्चों की देखभाल की है। इसके बदले में हर महीने तय फीस ली जाती है। कई कंपनिया भी अपने डे-केयर सेंटर चलाती हैं, जहां उनके कर्मचारी अपने छोटे बच्चों को नौकरी करने के समय तक छोड़ देते हैं। छुट्टी के बाद बच्चों को अपने साथ ले जाते हैं। कैपजेमिनी की ही तरह अन्य कंपनियां भी अपने कर्मचारियों को डे-केयर की सुविधा देती हैं।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।