Loading...

राम मंदिर चोरी मामला : आरोपियों के घरों पर चलेगा बुलडोजर! गैंगस्टर एक्ट में भी कसेगा शिकंजा

राम मंदिर चोरी मामला : आरोपियों के घरों पर चलेगा बुलडोजर! गैंगस्टर एक्ट में भी कसेगा शिकंजा

Follow us

Share

Ram Temple Donation Theft : अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी में पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ सरकार सख्त एक्शन लेने जा रही है। शासन प्रशासन ने आरोपियों के नए घरों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी के साथ ही सभी आरोपियों पर गैंगस्टर लगाने की भी तैयारी की जा रही है। एक आरोपी लवकुश मिश्रा के घर अयोध्या विकास प्राधिकरण की टीम पहुंची है। उसके शहादतगंज में बन रहे नए घर का टीम ने सर्वे किया है। उसके घर वालों से पूछताछ की गई है। वहीं आरोपी अनुकल्प मिश्रा का कौशल पुरी स्थित मकान पर बुलडोजर चल सकता है। दोनों आरोपियों को अब नोटिस देने की तैयारी हो रही है।

अब तक हुई जांच और कार्रवाई के आधार पर मिले साक्ष्य गैंगस्टर के लिए पर्याप्त माने जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरोहबंद अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए विधिक राय ली जा रही है। बता दें कि चोरी का मामला पहली बार 7 जून को सामने आया था। यूपी सरकार ने 13 जून को SIT बनाई। 25 जून को FIR हुई। रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसी दिन मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया।

पांच साल के ऑडिट की जांच करेगी SIT

वहीं SIT ने मंदिर ट्रस्ट द्वारा पिछले पांच साल में कराए गए ऑडिट की जांच का निर्णय लिया है। एसआईटी इस जांच में ऑडिट में मौजूद खामियों का पता लगाएगी। सूत्रों के अनुसार, इसमें बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों की आशंका जताई जा रही है। अब तक की जांच में एसआईटी को ऐसे कई सुबूत मिले हैं, जो गड़बड़ियों की ओर इशारा करते हैं। माना जा रहा है कि इन सुबूतों से अनिल मिश्रा, गोपाल राव और चंपत राय की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। एसआईटी के तीन वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस महानिरीक्षक रेंज लखनऊ किरन एस और विशेष वित्त सचिव नील रतन शामिल हैं, गुरुवार को एक बैठक कर सकते हैं।

Advertisement

चंपत राय बोले, कलंक लेकर अयोध्या से नहीं जाऊंगा

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर लंबी चुप्पी के बाद चंपत राय ने अपनी बात पुलिस को कही। उन्होंने खुद को इस चोरी से दूर बताया। सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय ने अपने कुछ करीबियों से बातचीत में कहा कि अयोध्या में उनकी सेवा पूरी हो गई है और वह कलंक लेकर नहीं जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके भरोसे के साथ विश्वासघात हुआ है। सूत्रों के अनुसार, एसआईटी जांच के दौरान चंपत राय राम मंदिर परिसर स्थित तीर्थ क्षेत्र भवन के ऊपरी हिस्से में ही रह रहे हैं। जब से जांच शुरू हुई है तब से वह यहीं पर हैं। चढ़ावा चोरी प्रकरण सामने आने के बाद से चंपत लगातार सवालों के घेरे में रहे हैं।

आरोपियों से अब तक 80 लाख रुपए बरामद

इधर ट्रस्ट पर भी FIR का दबाव बढ़ गया। एसआईटी रिपोर्ट मिलने के बाद ट्रस्ट के सदस्य कृष्णमोहन ने 8 नामजद और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने नामजद आरोपियों रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू, उसके रिश्तेदार मनीष यादव, कैश गणना में लगे अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, रमाशंकर मिश्रा तथा करुणेश पांडेय को गिरफ्तार किया है। इनसे करीब 80 लाख रुपए बरामद हुए हैं। अविनाश शुक्ला के पास से 20 लाख, रामशंकर यादव टिन्नू 20 लाख, करुणेश पाण्डेय के पास से 18 लाख, अनुकल्प मिश्रा के पास से 16 लाख, लवकुश मिश्रा के पास से 14 लाख 32 हजार, रामशंकर मिश्रा के पास से सात लाख और मनीष यादव के पास से 2 लाख रुपए बरामद हुए हैं।

पुलिस की एक बार फिर ताबड़तोड़ छापेमारी

वहीं, आरोपियों पर फिर से ताबड़तोड़ छापेमारी भी हो रही है। अनुकल्प मिश्रा ने भी हाल ही में कौशलपुरी में मकान खरीदा था। खबर छपते ही पुलिस टीम हरकत में आई। रामजन्मभूमि थाने की पुलिस टीम बुधवार दोपहर रुदौली थाने की पुलिस के साथ फगौली ठकुरान स्थित लवकुश के घर पहुंची और परिजनों से लवकुश के आय के स्रोत व एक वर्ष के भीतर खरीदे गए भूखण्ड व अन्य कीमती सामानों के सम्बंध में जानकारी हासिल की।

पुलिस ने भूसे के ढेर को खोदकर तलाशी

पुलिस ने लवकुश के घर में मौजूद दादी गिरिजा देवी से काफी देर तक पूछताछ कर अहम जानकारियां हासिल कीं। परिवार के लोगों से पूछताछ, घर में तलाशी के अलावा भूसे के ढेर को भी खंगाला। लाठी से भूसे के ढेर को खोदकर यह पता लगाने की कोशिश की कि कहीं चढ़ावे की चोरी का पैसा यहां तो नहीं छिपाया है। इसलिए भी भूसे की तलाशी ली गई कि लवकुश के यहां से ही कुछ दिनों पहले उपले के ढेर से रुपए बरामद हुए थे।

करुणेश के घर पहुंची पुलिस

खंडासा थाने की पुलिस के साथ अयोध्या से दो गाड़ियों में भरकर पुलिस टीम जयराजपुर स्थित आरोपी करुणेश पांडेय के पैतृक आवास पहुंची। दोपहर करीब 1:30 बजे जांच पड़ताल शुरू की। करीब दो घंटे तक पुलिस ने करुणेश के घर की तलाशी ली। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने कोई जानकारी नहीं दी। इस कार्रवाई में करीब 25 पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस की तीसरी टीम इनयातनगर थाने के बसावां गांव पहुंची। यहां आरोपी अनुकल्प मिश्रा का पैतृक आवास है। पुलिस ने यहां भी चप्पे-चप्पे की तलाशी ली।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।