Loading...

वेनेजुएला भूकंप में मौत का आंकड़ा 235 हुआ, हजारों घायल, 39,000 लोग लापता, मलबे के नीचे से आवाजें आ रहीं

वेनेजुएला भूकंप में मौत का आंकड़ा 235 हुआ, हजारों घायल, 39,000 लोग लापता, मलबे के नीचे से आवाजें आ रहीं

Follow us

Share

Venezuela Earthquake  : कराकस। वेनेजुएला में आए दो भूकंप के बाद मौत का आंकड़ा 235 पहुंच गया है। वहीं 4300 से ज्यादा लोग घायल हैं। प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन और मलबे हटाने का काम जारी है। रिक्टर पैमाने पर 7 से अधिक तीव्रता वाला ये भूकंप 120 से अधिक वर्षों के बाद आया है। ऐसे में हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। वेनेजुएला में बुधवार यानी 25 जून को साल 1821 के काराबोबो युद्ध की याद में राष्ट्रीय अवकाश था। इसलिए ज्यादातर लोग घरों में थे और फीफा वर्ल्ड कप मैच देख रहे थे। इससे मलबे में दबने वालों की संख्या ज्यादा होने की आशंका है।

39 हजार से ज्यादा लोग लापता

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मलबे के अंदर से आवाजें आ रहीं हैं। सरकार ने देर रात बताया कि 39 हजार से ज्यादा लोग लापता हैं। भूकंप की भयावहता की असल तस्वीर अभी आना बाकी है। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक भूकंप से 10 हजार से ज्यादा लोगों के मारे जाने की 44 फीसदी आशंका है। वहीं, एक लाख लोगों के जान गंवाने की 30 फीसदी आशंका है। इस आपदा से वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था को 9.5 लाख करोड़ रुपए के नुकसान हो सकता है। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने आपातकाल लगा दिया है।

पीएम मोदी ने मदद की पेशकश की

वेनेजुएला में जानमाल के नुकसान को लेकर दुनियाभर में संवेदनाएं जताई जा रही हैं। भारत, अमेरिका और फ्रांस समेत दुनिया के कई देशों ने वेनेजुएला की तरफ मदद के हाथ बढ़ाए हैं। गुरुवार को भूकंप की खबर आने के बाद भारत की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि आपदा की इस घड़ी में देश हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है। वहीं वेनेजुएला में हालात संभालने के लिए कई देश रेस्क्यू टीम भेज रहे हैं।

Advertisement

अमेरिका ने भी वेनेजुएला में भेजी मदद

वहीं अमेरिका ने वेनेजुएला में शुरुआती मदद भेज दी है। ये सहायता अमेरिकी सदर्न कमांड ने भेजी है। अमेरिकी सदर्न कमांड दक्षिण अमेरिका और कैरिबियाई देशों की जिम्मेदारी संभालती है। सदर्न कमांड ने बताया, ‘ट्रांसपोर्ट शिप USS फोर्ट लॉडरडेल और लड़ाकू जहाज USS बिलिंग्स के जरिए मदद भेजी गई है।’ साथ ही अमेरिका, वेनेजुएला में रेस्क्यू टीमें, मेडिकल और मानवीय सहायता भी पहुंचा रहा है।

UN ने 1.5 करोड़ डॉलर का फंड जारी किया

संयुक्त राष्ट्र ने वेनेजुएला में राहत और बचाव अभियान तेज करने का फैसला किया है। UN के मानवीय सहायता प्रमुख टॉम फ्लेचर ने कहा कि दुनिया के कई देशों से अतिरिक्त सर्च एंड रेस्क्यू टीमें भेजी जा रही हैं। साथ ही आपातकालीन राहत कोष से 1.5 करोड़ डॉलर (15 मिलियन डॉलर) जारी किए गए हैं। टॉम फ्लेचर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि फिलहाल हर घंटा बेहद अहम है।

वेनेजुएला को राहत सहायता देगा कनाडा

इधर कनाडा ने वेनेजुएला को मानवीय सहायता के तौर पर 35 लाख डॉलर देने का ऐलान किया है। कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने कहा कि यह मदद सबसे ज्यादा प्रभावित लोगों तक जरूरी राहत पहुंचाने के लिए दी जा रही है। इस राशि का इस्तेमाल आपातकालीन भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य जीवनरक्षक जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला में भूकंप से हुई तबाही दिल तोड़ने वाली है। कनाडा इस मुश्किल समय में प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है।

वेनेजुएला में भूकंप के बाद भी कई बड़ी चुनौतियां

वेनेजुएला में प्राकृतिक आपदा के अलावा भी कई बड़ी चुनौतियां मुंह बाए खड़ी हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि लगभग छह महीने पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर देश की सेना ने अचानक की गई एक अप्रत्याशित कार्रवाई में देश के तत्कालीन राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों अमेरिकी कोर्ट में मुकदमे का सामना भी कर रहे हैं। फिलहाल, देश की जनता मौजूदा शासन को पूरी तरह स्वीकार नहीं करती। ऐसे में समन्वय के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना बेहद जटिल है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।