Loading...

घर से ऑफिस जाने की कहकर निकला पति, शक होने पर पत्नी ने किया पीछा… जयपुर स्टेशन के बाहर देखकर उड़े होश

Royal Patrika Default News

Follow us

Share

जयपुर। राजधानी जयपुर में पति-पत्नी और एक अन्य महिला के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। टोंक रोड पर गांधी नगर रेलवे स्टेशन के पास हुई इस घटना ने राह चलते लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सड़क पर हुए इस हंगामे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। यह पूरी घटना टोंक रोड पर गांधी नगर रेलवे स्टेशन के पास की है।

पति की सुबह से जासूसी कर रही थी पत्नी

जानकारी के अनुसार, महिला को पिछले कुछ समय से अपने पति के अफेयर का शक था। पति घर पर रोज उसके साथ मारपीट करता था। तंग आकर महिला ने खुद ही पति की जासूसी करने की ठानी। सुबह जैसे ही पति बाइक लेकर घर से निकला, पत्नी ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूर पर ही महिला का पति गर्लफ्रेंड को बाइक पर बैठाकर ले जा रहा था। यह देखते ही पत्नी का खून खौल गया। पत्नी ने आव देखा न ताव, बीच सड़क पर ही पति और उसकी गर्लफ्रेंड की धुनाई शुरू कर दी। उसने गर्लफ्रेंड को बाल पकड़कर घसीटा और थप्पड़ लगाए। पति के बीच-बचाव करने पर पत्नी का गुस्सा और भड़क गया। बीच सड़क उसने पति पर भी जमकर थप्पड़-घूंसे बरसाए। इस दौरान भीड़ महिला को पति की और धुनाई करने के लिए उकसाती रही।

स्टेशन के बाहर ड्रामा देख जुटी भीड़

बीच सड़क पर चल रहे इस ड्रामे को देखने के लिए भीड़ जुट गई। लोग अपने मोबाइल से इस पूरी घटना का वीडियो बनाने लगे। इस दौरान तमाशबीन बनी भीड़ ने महिला को और उकसाया। भीड़ में से आवाजें आने लगीं- सौतन को छोड़ो, पहले इस पति की धुनाई करो। भीड़ की डिमांड पर पत्नी ने पति को जमकर सबक सिखाया। इस बीच पति ने जैसे-तैसे अपनी गर्लफ्रेंड को भीड़ और पत्नी के चंगुल से छुड़ाकर वहां से रवाना किया।

पत्नी बोली- रोज मुझे मारता था, आज इसकी बारी

पति ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था और मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। भीड़ ने चिल्लाकर कहा- इसका हेलमेट हटाओ, चेहरा दिखाओ। पत्नी ने तुरंत पति का हेलमेट और मुंह पर बंधा कपड़ा खोलकर उसे बेनकाब कर दिया। इसके बाद पत्नी ने भीड़ से पीटने के लिए चप्पल मांगी। पति को पीटते हुए महिला चिल्लाई- यह रोज घर पर मेरे साथ मारपीट करता है, मैं सब सहती रही, आज इसे नहीं छोड़ूंगी।

Advertisement

पुलिस बोली- कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई, जांच जारी

करीब 15 मिनट तक टोंक रोड पर यह तमाशा चलता रहा। बाद में कुछ समझदार लोगों ने हस्तक्षेप किया और मामले को घर पर सुलझाने की बात कहकर दोनों को वहां से विदा किया। इस पूरे मामले पर बजाज नगर थाना प्रभारी (SHO) रामधन मीणा ने कहा- यह घटना करीब दो दिन पुरानी है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आया है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है। प्रारंभिक जांच में वीडियो में दिख रहे लोग पति-पत्नी बताए जा रहे हैं। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।

 

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।