Loading...

कर्नाटक में दिल दहला देने वाली वारदात… ऑनलाइन गेमिंग की लत में बेटा बना हैवान! जानें क्या है पूरा मामला

Top News Trending Now देश

Follow us

Share

बेंगलूरु। कर्नाटक के कोप्पल जिले से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सेकेंड ईयर प्री-यूनिवर्सिटी छात्र ने परिवार पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। छात्र ने पिता और बड़ी बहन की चाकू मारकर हत्या कर दी। वहीं मां गंभीर रूप से घायल है। वारदात के बाद आरोपी छात्र ने सुसाइड करने की कोशिश में खुद की गर्दन पर भी चाकू से हमला कर लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में ऑनलाइन गेमिंग को लेकर घर में विवाद होने की बात सामने आ रही है, हालांकि असली वजह की जांच अभी जारी है।

ऑनलाइन गेमिंग को लेकर चल रहा था घर में तनाव !

पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार रात को गंगावती तालुक के होसा अयोध्या गांव में हुई। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय वेंकटनायडू और उनकी 19 वर्षीय बेटी प्रगति के रूप में हुई है। वेंकटनायडू पेशे से रसोइया थे। घायल मां सौजन्या का इलाज बल्लारी के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या छात्र के अत्यधिक ऑनलाइन गेम खेलने का परिवार विरोध कर रहा था और इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा। हालांकि पुलिस ने कहा है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

रात में चीखें सुनकर पड़ोसी दौड़े

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शनिवार रात परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद एक कमरे में सो रहे थे। वहीं वेंकटनायडू के माता-पिता दूसरे कमरे में थे। रात करीब 10:30 बजे परिवार के कमरे से चीखने की आवाज आई। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों और पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ दिया। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। वेंकटनायडू, उनकी पत्नी और बेटी खून से लथपथ पड़े थे। प्रगति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि पिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

आरोपी छात्र ने खुद पर भी किया हमला

पुलिस का कहना है कि नाबालिग छात्र ने पहले अपनी मां पर चाकू से हमला किया। वहीं बचाने आए पिता और बहन पर छात्र ने चाकू से हमला किया। इसके बाद उसने अपनी गर्दन भी काटने की कोशिश की। फिलहाल, आरोपी छात्र और उसकी मां दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि आरोपी कानून के साथ संघर्ष की स्थिति में नाबालिग है। इस मामले को किशोर न्याय कानून के तहत देखा जाएगा। घटना के बाद गांव में डर और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Advertisement

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

कोप्पल के पुलिस अधीक्षक राम एल अरसिद्दी ने कहा कि आरोपी के खिलाफ गंगावती ग्रामीण पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस परिवार के मोबाइल फोन, ऑनलाइन गतिविधियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि घटना अचानक गुस्से में हुई या इसके पीछे कोई और कारण था।

अब परिवारों के लिए खतरा बन रही ऑनलाइन लत

इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन गेमिंग और युवाओं के मानसिक तनाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार कई शोध से कहा भी गया है कि अत्यधिक ऑनलाइन गेमिंग बच्चों और युवाओं के व्यवहार पर बुरा असर डाल सकती है। हालांकि हर घटना के पीछे केवल गेमिंग को जिम्मेदार नहीं माना जा सकता, लेकिन परिवारों में बढ़ता तनाव चिंता का विषय बनता जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।