Loading...

Iran War : ईरान-इजराइल में 2 महीने बाद फिर जंग, भारत ने नागरिकों से ईरान छोड़ने को कहा

Follow us

Share

Iran Israel War : तेहरान/तेल अवीव। ईरान और इजराइल के अप्रैल में हुए सीजफायर के 2 महीने बाद दोबारा जंग शुरू हो गई। इजराइल ने दावा किया है कि ईरान ने उस पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। ईरान की रेवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने कहा कि यह कार्रवाई लेबनान में हिजबुल्लाह पर इजराइली हमलों के जवाब में की गई है। इसके जवाब में इजराइली सेना ने पश्चिमी और सेंट्रल ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। ईरानी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, तेहरान, तबरीज और इस्फहान में कई विस्फोट हुए। IRGC ने दावा किया कि इजराइल ने हमलों में एयर-लॉन्च बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया।

भारत ने नागरिकों से ईरान छोड़ने को कहा

ईरान में बिगड़ते क्षेत्रीय हालात के बीच भारत ने भी अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीयों से ईरान की यात्रा न करने और वहां मौजूद लोगों को जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है। इस बीच ईरान, इराक और सीरिया ने अपने-अपने एयरस्पेस पर प्रतिबंध लगाए हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में भी तनाव का असर दिखा है और कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपील की

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से तत्काल बड़े जवाबी हमले से बचने को कहा था। हालांकि इसके बावजूद इजराइल ने ईरान में सैन्य कार्रवाई की। ईरान और इजराइल के बीच यह ताजा टकराव ऐसे समय हुआ है जब दोनों देशों के बीच सीजफायर को लेकर पहले से ही तनाव बना हुआ था। गौरतलब है कि अप्रैल की शुरुआत में लागू हुए युद्धविराम के बाद यह पहली बार है जब ईरान की ओर से ऐसा हमला किया गया है। इस घटनाक्रम से युद्ध समाप्त करने के लिए चल रहे कूटनीतिक प्रयासों को बड़ा झटका लग सकता है।

Advertisement

तबरीज में इजराइल हमला, सैन्य केंद्र को बनाया निशाना

ईरान के तबरीज शहर में सोमवार सुबह इस्राइल ने हवाई हमला किया। अर्ध-सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी के मुताबिक, हमला एक सैन्य केंद्र पर किया गया। पूर्वी अजरबैजान प्रांत के संकट प्रबंधन विभाग के प्रमुख ने बताया कि यह हमला तेहरान और इस्फहान में हुए धमाकों के साथ लगभग एक ही समय पर हुआ। हालांकि, तबरीज के सैन्य केंद्र पर हुए हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हमले के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

इस्राइल को दी बड़े हमले की चेतावनी

यमन के हूती विद्रोही समूह ने इजराइल पर ईरान के मिसाइल हमले का खुलकर समर्थन किया है। हूती समूह ने कहा कि रेजिस्टेंस एक्सिस पूरी तरह एकजुट है और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर लगातार समन्वय बना हुआ है। समूह ने चेतावनी दी कि अगर इस्राइल ने तनाव बढ़ाया तो उसे और बड़े जवाबी हमलों का सामना करना पड़ेगा।

ईरान बोला- सऊदी एयर बेस पर हमने कोई मिसाइल नहीं दागी

ईरान ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सऊदी अरब के अल-खार्ज एयर बेस पर हमले की खबरों को खारिज कर दिया है। ईरानी सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के मुताबिक एक सैन्य अधिकारी ने कहा कि ईरान ने अल-खार्ज एयर बेस की ओर कोई भी गोली या मिसाइल नहीं दागी है। यह बयान उस समय आया जब अल-खार्ज इलाके में धमाके जैसी खबरें सामने आईं और सऊदी सिविल डिफेंस ने संभावित खतरे को लेकर अलर्ट जारी किया था। अधिकारियों ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की थी। हालांकि बाद में सऊदी अरब ने कहा कि खतरा टल गया है। फिलहाल घटना को लेकर तनाव बना हुआ है।

ईरान बोला- सीजफायर टूटने का जिम्मेदार अमेरिका

ईरान ने मौजूदा सीजफायर उल्लंघनों के लिए सीधे अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि क्षेत्र में इजराइल की सैन्य कार्रवाई को अमेरिकी नीतियों से अलग नहीं देखा जा सकता। बघाई के मुताबिक, इजराइल की हालिया सैन्य कार्रवाइयों को वॉशिंगटन का समर्थन हासिल है और यही वजह है कि संघर्ष फिर बढ़ रहा है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।