Loading...

सिरसी रोड पर बड़ा हादसा, CNG सिलिंडरों से भरा ट्रेलर पलटा, गैस रिसाव से गांव में मचा हड़कंप

Follow us

Share

जयपुर। राजधानी जयपुर के बिंदायका थाना क्षेत्र के सिरसी रोड स्थित निमेड़ा गांव में शनिवार सुबह सीएनजी गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया। हादसे के बाद कुछ सिलेंडरों से गैस रिसाव शुरू हो गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, दमकल विभाग और टोरेंट गैस कंपनी की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीएनजी गैस सिलेंडरों से भरा ट्रेलर तेज गति में था और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रेलर पलट गया। हादसे के बाद कुछ सिलेंडरों से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

थाना प्रभारी विनोद वर्मा ने बताया कि सीएनजी गैस से भरा ट्रेलर बिंदायका पंप से भाकरोटा जा रहा था। अल सुबह होने के कारण ड्राइवर को झपकी आने के कारण पोल से टकराकर पलट गया। ड्राइवर को चोट आई है। उसे इलाज के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने अन्य टीमों के साथ राहत बचाव कार्य शुरू किया। ट्रेलर पलटने से यहां कुछ सिलेंडर से गैस रिसाव शुरू हो गया था। करीब 10 से ज्यादा सिलेंडरों से गैस रिसाव हो रहा था। मौके पर पहुंची टीमों ने गैस सिलेंडरों को आबादी एरिया से दूर करके रेस्क्यू किया। हादसे में गैस रिसाव हुआ लेकिन किसी तरह की आग नहीं लगी।

गैस का लीकेज रोका

घटना की गंभीरता को देखते हुए बिंदायका फायर स्टेशन से तीन दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए गैस रिसाव रोकने की कार्रवाई शुरू की। वहीं टोरेंट गैस कंपनी की तकनीकी टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और रिसाव पर नियंत्रण पाने के लिए राहत कार्य में जुट गई।

Advertisement

आसपास लोगों की आवाजाही रोकी

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम डॉ. खुशबू शर्मा और बिंदायका थाना प्रभारी विनोद कुमार भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही सीमित की गई।

बिंदायका इलाके में गैस रिसाव का चौथा मामला

स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक ड्राइवर की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। बिंदायका क्षेत्र में गैस रिसाव से जुड़ा यह चौथा मामला बताया जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।