Loading...

चीन की कोयला खदान में धमाका, 90 लोगों की मौत, अभी भी कई फंसे लोग

Top News Trending Now दुनिया

Follow us

Share

बीजिंग। चीन के शांक्सी प्रांत में एक कोयला खदान में भीषण हादसा हो गया है। कोयला खदान में हुए भीषण गैस विस्फोट ने लोगों को दहला कर रख दिया है। सरकारी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दुर्घटना में करीब 90 लोगों की जान चली गई। हादसा शुक्रवार शाम चांगझी शहर की लिउशेन्यू कोयला खदान में हुआ, जहां उस समय बड़ी संख्या में मजदूर भूमिगत स्तर पर काम कर रहे थे। विस्फोट इतना भयंकर था कि खदान के भीतर अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा चीन में पिछले एक दशक का सबसे बड़ा कोयला खदान हादसा माना जा रहा है।

खदान में जारी किया था अलर्ट

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक विस्फोट शुक्रवार को शांक्सी प्रांत के किनयुआन काउंटी में हुआ। यह इलाका बीजिंग से करीब 520 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। हादसे से पहले खदान में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का अलर्ट जारी किया गया था। इसके कुछ समय बाद जोरदार विस्फोट हुआ। जिस समय धमाका हुआ, उस वक्त खदान के अंदर 247 मजदूर काम कर रहे थे। अभी यह साफ नहीं है कि कितने लोग अब भी अंदर फंसे हुए हैं। राहत और बचाव अभियान जारी है।

पहले दी गलत जानकारी

हैरानी की बात यह है कि हादसे के तुरंत बाद शिन्हुआ ने शुरुआती रिपोर्ट में सिर्फ आठ मौत की जानकारी दी थी और कहा था कि 200 से ज्यादा मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बाद में अचानक मृतकों की संख्या बढ़कर 82 बताई गई। सरकारी मीडिया ने यह साफ नहीं किया कि आंकड़ा इतनी तेजी से कैसे बढ़ा।

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हादसे के बाद बचाव टीमों को लापता लोगों को खोजने के लिए हर संभव कोशिश करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हादसे के जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि सभी क्षेत्रों और सरकारी विभागों को इस हादसे से सबक लेना चाहिए, कार्यस्थल सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना चाहिए और बड़े हादसों को रोकने के लिए जोखिमों की पूरी जांच करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि चीन में बारिश का मौसम शुरू हो चुका है, इसलिए बाढ़ रोकथाम और आपदा प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है।

Advertisement

चीन में पहले भी हो चुके हैं बड़े हादसे

चीन ने बीते कुछ साल में खदान सुरक्षा नियमों को सख्त किया है, इसके बावजूद वहां खदान हादसे लगातार होते रहे हैं। कोयला उत्पादन बढ़ाने के दबाव और कई जगह सुरक्षा मानकों में लापरवाही को इसकी बड़ी वजह माना जाता है। इससे पहले फरवरी 2023 में इनर मंगोलिया के शिनजिंग इलाके में एक ओपनकास्ट खदान में भूस्खलन हुआ था, जिसमें 53 मजदूरों की मौत हुई थी। वहीं पिछले महीने भी शांक्सी के लुलियांग इलाके में एक खदान हादसा हुआ था, जिसमें चार मजदूरों की मौत हो गई थी। अब ताजा विस्फोट ने एक बार फिर चीन की खदान सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।