Loading...

ओडिशा में बस और ऑटो की भिड़ंत में 6 लोगों की मौत, धार्मिक उत्सव में शामिल होने जा रहे थे सभी

Top News Trending Now देश

Follow us

Share

गंजम। ओडिशा के गंजम जिले में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक बस और ऑटो रिक्शा के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में छह लोगों की जान चली गई और चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं। सभी मृतक और घायल एक ही गांव के बताए जा रहे हैं। फिलहाल घायलों का इलाज बरहामपुर के अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिती गंभीर बनी हुई है। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लाडकापल्ली चौराहे के पास हुआ। ऑटो रिक्शा में सवार होकर कुछ लोग सोरल रोड एरेंद्रा से सिंथानी पीठ में आयोजित एक धार्मिक उत्सव में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के लड़कापल्ली चौक पर विपरीत दिशा से आ रही बस ने ऑटो को सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य लोगों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत बचाव कार्य शुरू किया।

पुरुषोत्तमपुर से बरहामपुर की ओर जा रही थी बस

जानकारी के अनुसार, बस पुरुषोत्तमपुर से बरहामपुर की ओर जा रही थी। वहीं, ऑटो रिक्शा यात्रियों को लेकर मां सिंहासिनी मंदिर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में दोनों वाहनों के बीच भिड़ंत हो गई। मृतकों में दो नाबालिग बच्चियां शामिल हैं। मृतकों में किरण बेहरा (10), सनी बेहरा (12), नीला बेहरा (50), नरसू बेहरा (43), रतानी बेहरा (40) और मल्ली बेहरा (75) है। वहीं इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायलों अलका बेहरा (17), कनक बेहरा (60), भाग्य बेहरा (55) और झिली बेहरा (40) को प्राथमिक उपचार के बाद बेरहामपुर के एमकेसीजी (MKCG) मेडिकल कॉलेज (बड़ा मेडिकल) रेफर किया गया है। हादसे में ऑटो चालक बाबू प्रधान भी घायल हुआ है।

Advertisement

सीएम माझी ने जताया शोक

इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। सीएमओ ओडिशा के आधिकारिक हैंडल से जारी पोस्ट में कहा गया, “गंजाम जिले के पुरुषोत्तमपुर में हुए दुखद सड़क हादसे में छह लोगों की जान चली गई। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने सीएमआरएफ से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये देने की घोषणा की है।” मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।