Loading...

NEET पेपर लीक मामला, पुलिस ने विधायक को धक्के मारे, खाचरियावास सड़क पर बैठे, जयपुर में कांग्रेस का हल्लाबोल

Follow us

Share

NEET Paper Leak 2026 Protests: जयपुर। नीट यूजी पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान में कांग्रेस पार्टी उग्र हो गई है। जयपुर में गुरुवार को कांग्रेस ने बीजेपी मुख्यालय के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से पैदल मार्च करते हुए शहीद स्मारक के रास्ते बीजेपी कार्यालय की ओर बढ़े। प्रदर्शन के चलते पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर बैरिकेड्स पर चढ़ रहे कार्यकर्ताओं को रोका।

प्रदर्शन के दौरान शहीद स्मारक पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को कार्यकर्ताओं ने कंधे पर बैठा लिया। वहीं पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास पुलिस कमिश्नरेट के सामने बैठ गए। इधर विधायक मनीष यादव बैरिकेड्स पर चढ़कर आगे जाने की कोशिश कर रहे थे तो पुलिस ने उन्हें नीचे उतारा। वहीं पुलिस ने विधायक मुकेश भाकर और पूर्व MLA वेद प्रकाश सोलंकी को धक्का देकर पीछे धकेला। इधर नीट पेपर लीक के विरोध में PCC के प्रदर्शन के दौरान शाहपुरा विधायक मनीष यादव को गिरफ्तार किया गया।

कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने चलाई वाटर कैनन

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में कई जगह बैरिकेड्स लगाए थे, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। बीजेपी मुख्यालय की ओर बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

“नीट का पेपर कहां मिलेगा, बीजेपी के बाड़े में” के लगे नारे

प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और बीजेपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने “नीट का पेपर कहां मिलेगा, बीजेपी के बाड़े में” जैसे नारे लगाए, जिससे माहौल और गरमा गया।

Advertisement

डोटासरा ने की धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर गंभीर सवाल उठाए। गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा, हम केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा ही तो मांग रहे हैं। क्यों नहीं ले रहे। वह चोर और धोखेबाज है। धर्मेंद्र प्रधान नीट चोर है। उसका इस्तीफा होना चाहिए। डोटासरा ने कहा कि ये लोग बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। धर्मेंद्र प्रधान नीट पेपर लीक के किंगपिन हैं। इस पूरे मामले के मास्टरमाइंड धर्मेंद्र प्रधान ही हैं। पैसे कमाए जा रहे हैं और सरकारों को अस्थिर किया जा रहा है। राहुल गांधी ने 2024 में ही कहा था कि नीट के पेपर लीक हो रहे हैं, इस पर कार्रवाई होनी चाहिए और चर्चा होनी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। लाखों बच्चों का भविष्य बर्बाद हो गया। ये लोग हमें भाषण दिया करते थे, लेकिन खुद ही बेईमान और भ्रष्ट निकले।

गहलोत और डोटासरा ने जांच पर उठाए सवाल

पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पेपर लीक मामले की जांच पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। दूसरी ओर बीजेपी कार्यकर्ता भी कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पैदल मार्च कर रहे हैं। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया, ताकि किसी भी तरह के टकराव की स्थिति न बने।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।