Loading...

नौतपा से पहले भीषण गर्मी, कई राज्यों में पारा 46 के पार…जानें मानसून का हाल

Follow us

Share

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में गर्मी अपने चरम पर है। कई राज्यों में भीषण हीटवेव (Heat Wave) की स्थिति बनी हुई है। कई राज्य पिछले एक हफ्ते से भीषण गर्मी की चपेट में है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा रहा है। उत्तर प्रदेश का बांदा जिला लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बांदा से अधिक तापमान केवल मिस्र के असवान में 49.4 डिग्री सेल्सियस और सऊदी अरब के अराफात में 48.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दुनियाभर में सबसे ज्यादा तापमान की लिस्ट में खजुराहो 47.4 डिग्री सेल्सियस के साथ चौथे नंबर पर रहा।

25 मई से नौतपा शुरू हो रहे हैं, लेकिन उससे पहले ही तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। बुधवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, ओडिशा और महाराष्ट्र के 16 शहरों में भी तापमान 46 डिग्री से अधिक रहा। वहीं महाराष्ट्र के वर्धा में 47.1 डिग्री सेल्सियस हरियाणा के रोहतक में 46.9 डिग्री सेल्सियस, महाराष्ट्र के नागपुर में 46.6 डिग्री सेल्सियस और मध्य प्रदेश के नौगांव में भी तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

राजस्थान में गर्मी और लू से परेशान हुए लोग

वहीं राजस्थान में गर्मी और हीटवेव (लू) से लोग परेशान हैं। बुधवार को तेज धूप के साथ अधिकांश शहरों में लू चली। कोटा, चित्तौड़गढ़, पिलानी (झुंझुनूं), अलवर समेत अन्य शहरों का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। सबसे गर्म शहर श्रीगंगानगर रहा, जहां का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। राज्य में अगले चार-पांच दिन तेज गर्मी और हीटवेव से राहत मिलने की संभावना कम है। प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्सों में तीन-चार दिन हीटवेव चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।

प्रदेश के कई जिलों में लू का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने गुरुवार को राजस्थान के कई जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आ रही सूखी और गर्म हवाएं सीधे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पहुंच रही हैं। इससे मई के आखिरी हफ्ते या जून वाली गर्मी अभी से महसूस हो रही है।

Advertisement

जानें कहां पहुंचा तक मानसून

मानसून 20 मई के आसपास अंडमान-निकोबार पहुंचता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिणी-पश्चिमी मानसून ने भारत की ओर बढ़ना शुरू कर दिया है। फिलहाल यह अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी सिरे से लेकर उत्तरी सिरे तक छा चुका है। मौसम विभाग ने तय तारीख एक जून से पहले 22 से 26 मई के बीच मानसून के केरलम पहुंचने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार से पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में मौसम बदलने लगेगा। अरुणाचल, असम, मेघालय में कुछ जगह भारी से भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक के कुछ हिस्सों में 24 मई तक बारिश का अच्छा दौर रह सकता है। अगर सब कुछ सही रहा तो मानसून 1 जून को केरल में पहुंचेगा। जिसके बाद देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन की शुरुआत होगी, जो सितंबर तक चलेगा।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।