Loading...

त्रिवेंद्रम-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में आग लगी, यात्री बाहर निकाले, कोटा रेल मंडल में थमी ट्रेनों की रफ्तार

Follow us

Share

कोटा। कोटा रेल मंडल में उस समय हड़कंप मच गया, जब अल सुबह त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के 2 एसी कोच में भीषण आग लग गई। यह हादसा रविवार सुबह करीब 5:20 बजे कोटा मंडल के विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरिचा स्टेशनों के बीच हुआ। यह आग ट्रेन के कोच नंबर B-1 और उसके पीछे लगे सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन में लगी थी। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते उसने ट्रेन के थर्ड एसी और एसएलआर कोच को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना मिलते ही कोटा रेलवे स्टेशन पर हूटर बज उठा। इसके बाद मेडिकल टीम और बचाव राहत टीम को मौके के लिए रवाना किया गया।

सीनियर डिवीजनल कॉमर्शियल मैनेजर सौरभ जैन ने बताया कि कोच में 68 यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही दुर्घटना राहत ट्रेन को कोटा से रवाना कर दिया गया। पैसेंजर्स को बाहर निकाला। करीब 15 मिनट में पूरा कोच खाली कराया गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कुछ पैसेंजर्स का सामान आग में जल गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

कोटा पहुंचने से पहले हादसा

बता दें कि त्रिवेंद्रम राजधानी रविवार सुबह करीब 3.45 बजे मध्य प्रदेश के रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी। यह ट्रेन 8:45 बजे कोटा जंक्शन पर पहुंचने वाली थी। लेकिन उससे पहले ही विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के पास एसी कोच में आग लग गई। कुछ मिनटों बाद आगे पीछे के लगेज कोच तक पहुंच गई। यहां रखा पैसेंजर्स का सामान आग में जल गया। इस कोच में कोई यात्री नहीं था।

अचानक धुएं से कोच में मची दहशत

बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय अधिकांश यात्री अपने-अपने केबिन में सो रहे थे। अचानक कोच से धुआं उठता देख यात्रियों में दहशत फैल गई। ट्रेन रुकते ही यात्री अपना सामान लेकर जल्दबाजी में नीचे उतरने लगे। हालांकि कई यात्रियों का सामान ट्रेन में ही रह गया।

Advertisement

रेलवे ने तुरंत बंद करवाई बिजली सप्लाई

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ट्रेन का बिजली कनेक्शन काट दिया गया है। वहीं कोच को भी ट्रेन से काटकर अलग किया गया। करीब दो घंटे बाद कोच में लगी आग बुझा ली गई। पैसेंजरों को दूसरे कोच में शिफ्ट किया गया। हादसे के बाद से दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रैफिक को रोका गया है।

कई ट्रेनों के बिगड़ा शेड्यूल

सौरभ जैन ने बताया कि हादसे के चलते कोटा रेल मंडल के इस रेल मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। हादसे के कारण दोनों ओर की 5 से 6 ट्रेनों के शेड्यूल पर असर हुआ है। ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशन पर रोका गया था। जैन ने बताया कि पैसेंजर्स के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए है। जहां से वे ट्रेनों की टाइमिंग को लेकर जानकारी ले सकते हैं।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।