हज यात्रियों के लिए अच्छी खबर… हज का बढ़ा किराया तेलंगाना सरकार देगी!

हैदराबाद। इस्लाम के पांच अरकानों में एक हज भी शामिल है। हज का सफर इस्लाम में सबसे पाक और मुकद्दस माना जाता है। हर मुसलमान की ख्वाहिश होती है कि वह अपनी जिंदगी में एक बार इस इबादत को अदा करे, लेकिन जब इसी पाक सफर पर अचानक खर्च का बोझ बढ़ जाए, तो यह खुशी चिंता में बदल जाती है। ऐसे ही हालात के बीच तेलंगाना सरकार ने आजमीन को राहत देने की कोशिश करते हुए एक अहम फैसला लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, तेलंगाना मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में आजमीन के बढ़े हुए हवाई किराए पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में फैसला लिया गया कि तेलंगाना से हज पर जाने वाले आजमीन पर बढ़े हुए खर्च का बोझ सरकार खुद उठाएगी। दरअसल, सेंट्रल हज कमेटी की ओर से हाल ही में एक नोटिफिकेशन जारी कर बताया गया था कि मिडिल ईस्ट में जारी जंग की वजह से विमान ईंधन की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हो गई है।

इसी वजह से हर आजमीन पर अतिरिक्त दस हजार रुपये का बोझ डालने का फैसला किया गया और यह राशि जमा करने के लिए 15 मई तक की समय सीमा तय की गई थी। अचानक बढ़ोतरी से हज पर जाने वाले कई लोग परेशान हो गए थे। खासकर उन परिवारों के लिए यह स्थिति और मुश्किल थी, जिनके घर से एक से ज्यादा लोग हज के लिए जा रहे हैं।

ऐसे परिवारों को एक साथ बड़ी रकम का इंतजाम करना पड़ रहा था। उनमें से कई परिवार ऐसे हैं, जो कई सालों तक हज की अदायगी के लिए पैसे इकट्ठे करते हैं। हालांकि कांग्रेस पार्टी और अन्य दलों ने इस बढ़ोतरी का विरोध करते हुए इसे वापस लेने की मांग की थी, लेकिन अब तक केंद्र सरकार की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। ऐसे में तेलंगाना सरकार ने पहल करते हुए यह तय किया कि राज्य के हज यात्रियों पर यह अतिरिक्त बोझ नहीं डाला जाएगा।

तेलंगाना सरकार 6.65 करोड़ सेंट्रल हज कमेटी को देगी

सरकार के इस फैसले के तहत तेलंगाना के करीब 6,650 आजमीन के लिए प्रति व्यक्ति दस हजार रुपए सरकार खुद अदा करेगी। इस तरह कुल मिलाकर सरकार करीब 6.65 करोड़ रुपये सेंट्रल हज कमेटी को देगी। बताया जा रहा है कि इस साल तेलंगाना के आजमीन पर पहले से ही करीब 3.60 लाख रुपये का खर्च आ रहा था। अब इस अतिरिक्त दस हजार रुपए के जुड़ने से कुल खर्च बढ़कर 3.70 लाख रुपये प्रति व्यक्ति तक पहुंच रहा था। सरकार के इस कदम से आजमीन और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी और वे बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ के अपने इस मुकद्दस सफर को पूरा कर सकेंगे। सरकार के इस फैसले को हज यात्रियों के लिए बड़ी सहूलियत के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि अचानक बढ़े खर्च ने उनकी तैयारियों पर असर डाल दिया था।

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।