Loading...

भाजपा सत्ता हथियाने के लिए हर संभव हथकंडे अपना रही है- डोटासरा

जयपुर

Follow us

Share

वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान 15 सितंबर से शुरू करेगी कांग्रेस

जयपुर (रॉयल पत्रिका)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा तथा राजस्थान प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने 13 सितम्बर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, जयपुर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार प्रदेश में वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान के तहत् 15 सितम्बर से 15 अक्टूबर, 2025 तक चलने वाले हस्ताक्षर अभियान की तैयारियों के लिये सम्भाग व जिला प्रभारी पदाधिकारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, जिला स्तरीय अभियान प्रभारी तथा विधानसभा प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर अभियान की सफलता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सी. पी. जोशी, राजस्थान सहप्रभारी चिरंजी राव, रित्विक मकवाना, सुश्री पूनम पासवान शामिल रहे। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि भाजपा सत्ता हथियाने के लिये हर सम्भव हथकण्डे अपना रही है और संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग सत्ता में बने रहने के लिये किया जा रहा है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गाँधी ने भाजपा द्वारा वोट चोरी कर सत्ता हथियाने का पर्दाफाश किया है जिस पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा भाजपा द्वारा की गई वोट चोरी के विरोध में देशभर में वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत् 15 सितम्बर से 15 अक्टूबर तक विभिन्न चरणों में प्रदेशभर में कांग्रेस द्वारा भाजपा की वोट चोरी के विरूद्ध हस्ताक्षर अभियान चलाया जायेगा। अभियान के प्रथम चरण में 15 सितम्बर से 17 सितम्बर तक सभी जिला कांग्रेस कमेटियों की बैठक आयोजित होगी जिसमें जिला प्रभारी, अभियान प्रभारी, जिला पदाधिकारी को उक्त जिले में निवासरत जनप्रतिनिधिण शामिल रहेंगे और वोट चोर-गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान की तैयारियां करेंगे। इसके पश्चात् ब्लॉक, मण्डल, नगर कांग्रेस स्तर तक इस अभियान के लिये पदाधिकारियों की बैठक होगी। अभियान के प्रथम चरण में पार्टी के सभी पदाधिकारियों के हस्ताक्षर अभियान के तहत् लिये जायेंगे तथा अगले चरण में कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता घर-घर जाकर आमजन से ज्ञापन पर हस्ताक्षर लेकर भाजपा की वोट चोरी के विरूद्ध जनमत संग्रह करेंगे। इस अभियान के तहत् कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता घर-घर हस्ताक्षर अभियान कराते हुये भाजपा द्वारा सरकार बनाने के लिये की गई वोट चोरी के साथ ही केन्द्र एवं राज्य सरकार की विफलतायें भी उजागर करेंगे जिसमें प्रमुख रूप से भाजपा की प्रदेश सरकार पाँच वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर भी निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव नहीं करवा रही है और कांग्रेस सरकार के शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जिस प्रकार ठण्डे बस्ते में डाला जा रहा है इससे प्रदेशवासियों को अवगत करवाया जायेगा। बैठक को सम्बोधित करते हुये राजस्थान प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने कहा कि सभी नेताओं को संगठन द्वारा दिये गये दायित्वों का निर्वहन पूर्णतया तत्परता के साथ करना होगा क्योंकि संगठन की मजबूती से ही नेताओं को ताकत् मिलती है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं एक समय जिलाध्यक्ष रह चुके हैं, अशोक गहलोत जिलाध्यक्ष रह चुके हैं, इसी प्रकार गोविन्द सिंह डोटासरा एवं टीकाराम जूली भी पूर्व में जिलाध्यक्ष रहे हैं। जिलाध्यक्ष रहते हुये आज इस मुकाम पर पहुँचें है इसी से प्रेरित होकर सभी जिलाध्यक्षों को अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिये जिससे आने वाले समय में वे भी इन नेताओं की तरह ऊंचे मुकाम को हासिल कर सके।

बैठक को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सी. पी. जोशी, सहप्रभारी चिरंजी राव, रित्विक मकवाना, सुश्री पूनम पासवान ने भी सम्बोधित किया।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।