एक कमरे में पाँच कक्षाएं, यह है सरकारी स्कूल का हाल
-स्कूल परिसर बना कचरे का ढेर, शराब कि खाली बोतलें देखने को मिलती हैं
-शास्त्री नगर में महात्मा गाँधी कॉलोनी स्थित महात्मा गाँधी राजकीय प्राथमिक विध्यालय कि स्थिति बेहाल
जयपुर (रॉयल पत्रिका) I जयपुर के शास्त्री नगर क्षेत्र की महात्मा गांधी कॉलोनी में स्थित महात्मा गांधी राजकीय प्राथमिक विद्यालय (कक्षा 1 से 5) की हालत गंभीर और चिंताजनक बनी हुई है। स्कूल परिसर और उसके आस-पास हर तरफ कचरा फैला हुआ है। शराब की खाली बोतलें, टूटे हुए काँच, प्लास्टिक और गंदगी से भरा ग्राउंड बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। यह स्कूल शिक्षा का मंदिर कम शिक्षा विभाग और स्कूल प्रशासन की लापरवाही का उदाहरण ज्यादा नजर आता है।
नशेड़ियों से बच्चों की सुरक्षा खतरे में-
विद्यालय पहाड़ियों के बीच स्थित है। पहाड़ियों से नशेड़ी और असामाजिक तत्व अक्सर स्कूल परिसर की ओर पत्थर फेंकते हैं। इससे बच्चों और स्टाफ में डर का माहौल बना रहता है। शिकायतों के बावजूद प्रशासन और संबंधित विभागों ने अब तक कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की है।
छत टपकने से कक्षाएं प्रभावित रहती-
स्कूल भवन जर्जर हालत में है। टीन शेड की छत से बारिश में पानी टपकता है, जिससे फर्श गीली हो जाती है और फिसलने का खतरा बना रहता है। वहीं गर्मी में टीन शेड तेज़ तपने से कक्षा कक्ष बेहद गर्म हो जाता है, जिससे बच्चों को बैठने और पढ़ने में परेशानी होती है।
सुबह पढ़ाई नहीं सफाई करवाई जाती-
सबसे गंभीर स्थिति यह है कि सुबह जब बच्चे स्कूल पहुंचते हैं, तो उन्हें पढ़ाई से पहले स्कूल परिसर की सफाई करनी पड़ती है। कचरा, टूटे काँच और गंदगी हटाने का काम मासूम बच्चों से कराया जाता है। इससे बच्चों के घायल होने का खतरा हमेशा बना रहता है।
शिक्षकों की कमी से पढ़ाई चौपट-
विद्यालय में तीन शिक्षक पदस्थापित हैं, लेकिन नियमित रूप से केवल एक ही शिक्षक उपस्थित रहती हैं, जबकि दो अन्य बीएलओ ड्यूटी में लगे हैं। स्कूल में केवल दो कक्षा कक्ष है, जिसमें पहली से पाँचवीं तक के सभी बच्चे एक साथ बैठकर पढ़ते हैं। शिक्षकों की कमी के कारण न तो अलग-अलग कक्षाएं संचालित हो पा रही हैं और न ही बच्चों को पढ़ाई का उचित वातावरण मिल पा रहा है।
अनुमति न मिलने से विकास ठप-
विद्यालय परिसर में पर्याप्त जगह होने के बावजूद भवन विस्तार और विकास कार्यों की अनुमति नहीं मिल पाई है। संबंधित विभागों द्वारा आसपास की जमीन को जंगलात भूमि है, जिस कारण स्कूल में अतिरिक्त कक्षों का निर्माण नहीं हो सका। अनुमति के अभाव में वर्षों से विद्यालय में केवल एक ही कक्षा कक्ष है I यह स्कूल जयपुर की हवा महल विधानसभा क्षेत्र में आता है, जहां से हिन्दुत्व का झण्डा उठाये रहने वाले बाबा बालमुकुंद आचार्य विधायक हैं I
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
