Loading...

मजदूरी कर पति को पढ़ाया-लिखाया, नौकरी लगते ही कर रहा दूसरी शादी, परेशान होकर विवाहिता पानी की टंकी पर चढ़ी

Follow us

Share

दौसा। राजस्थान के दौसा  जिले में एक महिला अपने पति के दूसरी शादी करने की बात पर टंकी पर चढ़ गई। महिला का आरोप है कि उसने मजदूरी कर अपने पति को पढ़ाया-लिखाया। अब जब पति की सरकारी नौकरी लग गई है तो वह उसे छोड़कर दूसरी शादी करने जा रहा है। महिला का आरोप है कि उसका पति और ससुराल वाले दो दिन बाद पति की दूसरी शादी करवाने वाले हैं। इस बात को लेकर सुबह 6 बजे टंकी पर चढ़ गई और समझाइश के बाद भी नीचे नहीं उतरी। इस बीच महिला ने कूदने की धमकी देते हुए रेलिंग के पास आकर भी खड़ी हो गई। इधर महिला का पति और ससुराल पक्ष के लोग मौके पर मौजूद नहीं है। घर पर भी पति और ससुर मौजूद नहीं है। मामला दौसा जिले के लालसोट के राहुवास गांव का है।

जलदाय विभाग के पंप चालक पूरणमल ने बताया कि मैं सप्लाई चालू करने के यहां आया था। इसके बाद मैं मोटर चालू करने चला गया। इस दौरान मेरे पास सूचना आई कि एक आदमी और एक महिला टंकी के ऊपर बैठे हैं। महिला के भाई को तो मैंने समझाकर नीचे उतार लिया। महिला ने यह कहकर नीचे उतरने से मना कर दिया कि मेरा फैसला नहीं हुआ है।

शादी के बाद से मायके में रह रही

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि अनीता की शादी साल 2017 में हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद से ही वह अपने मायके में रह रही है। अनीता का आरोप है कि ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे इसलिए वह मायके में रहने लगी। टंकी पर चढ़ने से पहले अनीता ने ग्रामीणों को बताया कि उसका पति दो दिन में दूसरी शादी करने वाला है। ग्रामीणों का कहना है कि अनीता अपने भाई और पिता के साथ यहां आई। उसके भाई ने ही उसे टंकी पर चढ़ाया और उसके बाद भाई और पिता गायब हो गए।

Advertisement

पुलिस कर रही समझाइश

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और महिला को समझाने का प्रयास किया। थानाधिकारी गोपाल लाल शर्मा ने बताया कि राहुवास में एक विवाहिता पानी की टंकी पर चढ़ गई। सुबह करीब 6:30 बजे संज्ञान में आया। हालांकि लोगों का कहना है कि महिला अपने पति पर दूसरी शादी का आरोप लगा रही है। लेकिन वह दूसरी शादी कर चुका है या कर रहा है इसकी भी कोई जानकारी नहीं है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।