Loading...

बंगाल में अब कल्याण बनर्जी पर हमला! सिर में चोट लगने का दावा… कल अभिषेक बनर्जी से हुई थी मारपीट

Follow us

Share

Kalyan Banerjee Attacked In Hoogly : कोलकाता। पश्चिम बंगाल के हुगली में टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी पर हमले की जानकारी सामने आई है। टीएमसी सांसद ने आरोप लगाया है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने चंडीतला पुलिस स्टेशन के सामने उन पर हमला किया और उनके सिर पर पत्थर या गेंद जैसी चीज (वस्तु) मारकर चोट पहुंचाई है। जबकि बीजेपी का कहना है कि वह घायल नहीं हुए हैं, सिर्फ ड्रामा कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, कल्याण बनर्जी अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले के संबंध और गिरफ्तार टीएमसी नेता, कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर चंडीतला थाना ज्ञापन देने पहुंचे थे। इसी दौरान ज्ञापन सौंपने से पहले ही तृणमूल और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हो गई।

BJP-TMC के बीच नारेबाजी

बताया जा रहा है कि रविवार को कल्याण बनर्जी टीएमसी कार्यकर्ताओं की रिहाई के लिए ज्ञापन देने गए थे। इसी दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने तृणमूल समर्थकों के खिलाफ “चोर-चोर” के नारे लगाए, जिसके बाद माहौल और गर्म हो गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात किए गए।

गौरतलब है कि शनिवार को टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर भी हमला हुआ था। सोनारपुर में चुनाव बाद हुई हिंसा के पीड़ितों से मिलने पहुंचे अभिषेक बनर्जी के साथ धक्का मुक्की हुई और उनके कपड़े फाड़ दिए गए। इस दौरान उन पर अंडे फेंके गए और अभिषेक बनर्जी के खिलाफ नारेबाजी की गई।

पुलिस ने 5 लोगों को किया गिरफ्तार

वहीं अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में वे दो लोग भी शामिल हैं, जो वायरल वीडियो में पत्थरबाजी करते दिखे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों में तपन माइती और आकाश भी शामिल हैं, जिन्हें कथित तौर पर घटना से जुड़े वीडियो में देखा गया था। पुलिस ने मामले की जांच के तहत 5 लोगों को हिरासत में लिया है।

Advertisement

ममता बोली-मर सकते थे अभिषेक बनर्जी

वहीं, टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भतीजे अभिषेक पर हुए हमले के खिलाफ रविवार को प्रदर्शन का ऐलान किया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस हमले के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, सत्तारूढ़ दल ने इस आरोप से इनकार किया है। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी ने कहा, ‘मुझे बताया गया है कि अगर उनके सिर पर हेलमेट नहीं होता, तो उनकी मौत हो सकती थी।’ उन्होंने दावा किया कि पत्थरबाजी और मारपीट हमले के कारण अभिषेक को सीने और पसलियों में चोटें आईं। आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी को चिकित्सा उपचार मिलने से रोकने की कोशिश की जा रही है।

राहुल गांधी ने मदद के लिए ममता को किया फोन

वहीं, टीएमसी सुप्रीमो ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की ओर से मदद की पेशकश का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने मुझे फोन करके अभिषेक के इलाज के लिए हैदराबाद या अन्य किसी भी जगह ले जाने की बात कही।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।