जिला मुख्यालय पर तीन दिवसीय चूरू महोत्सव – 2025 आयोजित
- कार्यक्रम में पदमश्री गुलाबो सपेरा, बॉलीवुड पार्श्व गायक रविंद्र उपाध्याय, वायब्रेंट इंडिया समूह ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
मोहम्मद अली पठान
चूरू (रॉयल पत्रिका)। जिला मुख्यालय पर पुलिस लाइन में चल रहे चूरू महोत्सव – 2025 के पहले दिन शाम को सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण, जिला प्रमुख वंदना आर्य, प्रभारी सचिव भास्कर ए सावंत, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, एसपी जय यादव, सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारियों व चूरूवासियों ने शिरकत की। इस अवसर पर संबोधित करते हुए पूर्व प्रतिपक्ष नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि चूरू की संस्कृति संपूर्ण विश्व में प्रसिद्ध है। यहां के पंडित भरत व्यास ने सिनेमा जगत में बहुत बड़ा नाम कमाया है। यहां की संस्कृति की बदौलत चूरू को छोटी काशी कहा जाता है। सभी लोग मिलकर लोकरंग का आनंद लें और अपनी विरासत का संरक्षण करें। उन्होंने कहा कि यहां के वीरों ने देश प्रेम की उत्कट ज्वाला से 1930 में आजादी से 17 साल पहले ही तिरंगा फहराया गया था। यह भामाशाहों, संस्कारों और संस्कृति की धरती है। इसलिए हम इसको आत्मसात करें और भावी पीढ़ी को भी विरासत में दें। विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि चूरू महोत्सव 2025 का आयोजन एक विशेष और सराहनीय पहल है। आज से 18 साल पहले आयोजित चूरू महोत्सव की यादें ताजा हो गई हैं। हम इसी तरीके से अपनी सक्रिय भूमिका के साथ यहां की संस्कृति, संस्कार एवं परंपराओं को जिएं और उन्हें आगे बढ़ाएं। इस अवसर पर पूर्व प्रतिपक्ष नेता राजेंद्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण, जिला प्रमुख वंदना आर्य, प्रभारी सचिव भास्कर ए सावंत, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा आदि अतिथियों ने प्रवासी सम्मान गौरवश्री अवार्ड से प्रवासी चूरूवासियों का सम्मान किया। पदमश्री गुलाबो ने तीसरी पीढ़ी के साथ दी प्रस्तुति सांस्कृतिक संध्या के दौरान पदमश्री गुलाबो ने अपनी तीसरी पीढ़ी के साथ लोकगीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसी के साथ कोक स्टूडियो फेम भंवरी देवी, प्रसिद्ध कोरियोग्राफर संतोष नायर द्वारा निर्देशित वाइब्रेंट इंडिया समूह नृत्य प्रस्तुति और बॉलीवुड पार्श्व गायक रविंद्र उपाध्याय ने हिंदी गीतों की प्रस्तुति दी। इस दौरान एडीएम अर्पिता सोनी, सीईओ श्वेता कोचर, एएसपी लोकेंद्र दादरवाल, एएसपी कृष्णा, पूर्व सभापति विजय शर्मा, चूरू एसडीएम बिजेंद्र सिंह, तारानगर एसडीएम राजेंद्र कुमार, रतनगढ़ एसडीएम रामकुमार वर्मा, तहसीलदार अशोक गोरा, राजगढ़ तहसीलदार धीरज झाझड़िया सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
