मिशन ‘बारां शक्ति’ से जुड़े हजारों स्वयं सेवक
- “सेवा ही धर्म, सुरक्षा हमारा कर्म” जिला प्रशासन की अभिनव पहल
बारां, (रॉयल पत्रिका)। जिले में आपदा प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मिशन ‘बारां शक्ति’ के तहत व्यापक स्तर पर सिविल डिफेंस प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आपात स्थितियों जैसे प्राकृतिक आपदाएं, आगजनी, दुर्घटनाएं आदि से प्रभावी रूप से निपटना और आमजन को जागरूक एवं आत्म निर्भर बनाना है। जिला कलक्टर ने “सेवा ही धर्म, सुरक्षा हमारा कर्म” के स्लोगन के साथ जिले वासियों से अपील की कि वे नागरिक सुरक्षा के लिए संकल्प लें और इस मिशन में सक्रिय भागीदारी निभाएं। मिशन के तहत स्वेच्छा से अब तक 3000 से अधिक नागरिकों ने स्वयं सेवक के रूप में पंजीकरण कराया है। सिविल डिफेंस का यह प्रशिक्षण न केवल जीवन रक्षा के उपाय सिखा रहा है, बल्कि नागरिकों में सजगता, आत्म निर्भरता और सहयोग की भावना को भी मजबूत कर रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले के कोटा रोड स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय, दशहरा मैदान, श्रीराम स्टेडियम, पब्लिक पार्क, निजी संस्थान, काठिया बाबा की बगीची तथा कलमण्डा बालाजी परिसर जैसे प्रमुख स्थलों पर आयोजित किए जा चुके हैं। इन प्रशिक्षण सत्रों में 2000 से अधिक युवाओं, महिलाओं, शिक्षकों, व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला कलक्टर ने बताया कि प्रशिक्षण का यह क्रम आगे भी निरंतर जारी रहेगा और विशेष रूप से महिला स्वयं सेवकों को भी इस मुहिम से जोड़ा जा रहा है, ताकि हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके। डीएसओ अनिल चौधरी ने बताया कि जिले में आपदा प्रबंधन एवं सिविल डिफेंस टीम द्वारा नागरिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
