हजरत दीवाना शाह के उर्स में संदल पेश करने की रस्म अदा
मोहम्मद यासीन
कपासन (रॉयल पत्रिका) I प्रख्यात सूफी संत हज़रत दीवाना शाह साहब र.अ. के 84वें तीन रोजा उर्स में संदल पेश करने की रस्म अदा की गई । रविवार को कुल की फातिहा के साथ उर्स सम्पन्न होगा ।
दरगाह वक्फ कमेटी के सैक्रेट्री मोहम्मद अब्बास अशरफी के अनुसार शुक्रवार बाद नमाज़ ईशा के महफिले मिलाद के बाद महफिले समा का प्राग्राम हुआ, जिस में दूर-दूर से आए हुए 31 कव्वाल पार्टियों ने अपने-अपने कलाम पेश कर दाद बटोरी और आशिके दीवाना ने दिल खोल कर इनाम दिया। बाबा हुजूर के उर्स मे देश के कौने-कौने से जायरीन की आवक हो रही है। जब मेहमानाने दीवान पिया को 70 फीट ऊँचा बुलन्द दरवाजा दूर से जगमगाता हुआ दिखाई देता है तो दिल को सुकून मयस्सर होता है, हर तरफ दीवाना-दीवाना की सदाएँ, आशिके दीवाना की लंगर खाने एवं दर्शन हेतु लम्बी-लम्बी कतारें, धूणा में मस्त मलंग, औलिया मस्जिद में इबादतों, रियाजत में मशकूल दीवाने, आयशा मस्जिद में इबादत में मसरूफ मस्तुरात, मैला ग्राउण्ड में खरीदारों की भीड़ तो झूला-चकरी, डोलर व खिलोने की दुकानों पर बच्चों के साथ बड़ों का हुजूम, खुशबू से महकता हुवा आस्ताना-ए-आलिया में हर शख्स अदब से चादर, इत्र, फूल पेश कर रो-रोकर अपना दुखडा बाबा को सुनाता हुआ और यह दिल में है कि मैं इन्हें नहीं देख रहा हूँ मगर यह तो मुझे देख रहे हैं । यह बाबा हुजूर के 84वें उर्स का हसीन मंजर है।
दरगाह वक्फ कमेटी के सदर अनवर अहमद छीपा के अनुसार रविवार प्रातः बाद नमाज़ फज़र के देग का खाना तकसीम होगा। कुल की महफिल 08:00 बजे शुरू होगी, जोहर की अज़ान से पहले कुल की फातिहा के साथ उर्स सम्पन्न होंगे व सोमवार को मुख्य मज़ार के पट आम जायरीन के दर्शन हेतु खोले जायेंगे। आम जायरीन के दर्शन हेतु साल में एक बार ही यह पट खोले जाते हैं ।
देग:- 6 क्विंटल चावल, 6 क्विंटल शक्कर, 1 या 2 टीन देशी घी, 1.5 क्विंटल सुखा मेवा सभी एक साथ देग में डालकर पकाए जाते हैं, दरगाह शरीफ पर ये देग साल में दो बार बनाई जाती है, (1) 8 सफर (2) 12 रबिउलअव्वल को I
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
