पीएम सूर्य योजना’ में बैंकों की मनमानी बनी बाधा
- पूर्व पार्षद राजेश कुमार वर्मा ने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेज कर उठाई आवाज
एहसान पठान
चौमूं (रॉयल पत्रिका)। देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्म निर्भर बनाने और स्वच्छ ऊर्जा को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा प्रारंभ की गई “पीएम सूर्य योजना’ एक दूरदर्शी और सराहनीय पहल है। इस योजना के अंतर्गत आम नागरिकों को अपने घरों की छत पर सोलर पैनल हेतु सरकारी अनुदान एवं बैंक ऋण की सुविधा प्रदान की जाती है। किन्तु दुर्भाग्यवश योजना के धरातल पर क्रियान्वयन में अनेक राष्ट्रीयकृत बैंकों की उदासीनता एवं दस्तावेजों की मांग के चलते आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी गंभीर जन समस्या को लेकर गुरूवार को नगर परिषद चौमूं के पूर्व पार्षद एवं सक्रिय जनसेवक राजेश कुमार वर्मा ने उपखंड अधिकारी दिलीप सिंह से भेंटकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वर्मा ने बताया कि ‘पीएम सूर्य योजना” में बैंकों द्वारा ऋण आवेदकों से अतिरिक्त भूमि दस्तावेजों जैसे गैर जरूरी कागजात की मांग की जा रही है, जो योजना की शर्तों में अनिवार्य नहीं हैं। कई बैंकों में आवेदन स्वीकार नहीं किए जा रहे या फिर जानबूझकर प्रक्रियाएं लंबित की जा रही हैं। इससे खासकर गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवार योजना का लाभ नहीं ले पा रहे। ज्ञापन के माध्यम से वर्मा ने प्रधानमंत्री से अहम माँगें रखते हुए सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों को पीएम योजना के अंतर्गत प्राप्त ऋण आवेदनों को प्राथमिकता से स्वीकृत करने हेतु निर्देशित किए जाने, ऋण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने, बैंकों की मनमानी व देरी पर नियंत्रण हेतु एक निगरानी तंत्र गठित किए जाने व योजना की समय-समय पर समीक्षा कर वास्तविक लाभार्थियों तक इसका लाभ सुनिश्चित करने के साथ ही वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जन हित से जुड़ी समस्या का शीघ्र संज्ञान लेकर इस क्रांतिकारी योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
