12 वर्ष में 2 बार स्वीकृत हुई 100 मीटर लंबी सड़क आज तक नहीं बनी!
- चूरू में सड़कों का जाल बिछाए जाने की बात खोखली साबित हुई
- जन प्रतिनिधि और प्रशासन कर रहा है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भावनाओं के साथ खिलवाड़
मोहम्मद अली पठान
चूरू, (रॉयल पत्रिका)। नगर परिषद क्षेत्र चूरू में सड़कों का जाल बिछाए जाने की बात खोखली साबित हो रही है। यहां वार्ड नंबर 4 बालाजी कॉलोनी में पूर्व पार्षद ओम प्रकाश मेघवाल के घर से गजल भाटी के घर तक सड़क और नाली का निर्माण नहीं होने से नागरिकों को बहुत परेशानी हो रही है। बारिश के समय यहां भारी मात्रा में पानी एकत्रित हो जाता है और गहरे गड्ढे हो जाते हैं। सबसे दुखद बात तो यह है कि 12 वर्ष में 2 बार स्वीकृत हुई यह 100 मीटर लंबी सड़क और नाली आज तक नहीं बनी है। इससे यहां के जन प्रतिनिधियों और प्रशासन के दावों की पोल खुलकर सामने आ रही है। यहां सड़क और नाली का निर्माण नहीं होने से दुखी नागरिक चूरू नगरपरिषद आयुक्त, कलेक्टर, विधायक आदि को दर्जनों बार ज्ञापन सौंपकर सड़क और नाली का निर्माण करवाने की मांग कर चुके हैं। परन्तु आज तक सड़क व नाली बनना तो दूर किसी के भी कानों पर जूं तक नहीं रेंगी है। यहां नागरिकों ने कहा कि बालाजी कॉलोनी की इस गली के लोगों के साथ सरासर भेदभाव किया जा रहा है। चुनाव के समय नेता लोग झोली फैलाकर वोट मांगने तो आ जाते हैं, लेकिन यहां सड़क और नाली बनवाने का कोई नाम ही नहीं ले रहा है। कुल मिलाकर यहां जन प्रतिनिधियों और प्रशासन द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भावनाओं के साथ खुलेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। कोई सत्ता के नशे में चूर है तो कोई उच्च सरकारी पद पाकर खुद को राजा रानी समझ रहे हैं। इन्हें कोई कहने सुनने वाला नहीं है, आमजन की ये कोई सुनवाई करते नहीं हैं। आमजन की परेशानी से इन्हें कोई लेना देना नहीं है। यदि इनको जरा सी भी फिक्र होती तो आज तक इस सड़क का निर्माण हो गया होता।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
