शिक्षक सपनों को पंख देने वाला असली मार्गदर्शक- डॉ. मोहम्मद शोएब
जयपुर (रॉयल पत्रिका)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस सचिव डॉ. मोहम्मद शोएब ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों के महत्व को बताते हुए कहा की किसी भी बच्चे के जीवन में सबसे बड़ी पूँजी उसके माता-पिता और उसके शिक्षक होते हैं। माता-पिता जन्म देते हैं, लेकिन शिक्षक उस जीवन को सही रास्ता दिखाते हैं। वही बच्चे को अच्छा इंसान, ज़िम्मेदार नागरिक और सफल व्यक्ति बनने की तैयारी कराते हैं। इसीलिए 5 सितम्बर का दिन केवल एक औपचारिक अवसर नहीं, बल्कि अपने शिक्षकों के प्रति आभार और सम्मान व्यक्त करने का दिन है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि अगर शिक्षक न हों, तो समाज का भविष्य अधूरा रह जाएगा। आज के समय में जब समाज तेज़ी से बदल रहा है, तकनीक हर घर तक पहुँच चुकी है और बच्चों पर पढ़ाई का बोझ भी बढ़ा है, ऐसे में शिक्षक की भूमिका और भी ज़्यादा अहम हो जाती है। एक अच्छा शिक्षक केवल किताबों का ज्ञान नहीं देता, बल्कि बच्चों को सही और ग़लत में फर्क समझाता है, मेहनत करना सिखाता है और जीवन के लिए अच्छे संस्कार देता है। मैं स्वयं एक स्कूल का प्रिंसिपल होने के नाते हर रोज़ देखता हूँ कि बच्चे अपने शिक्षकों की हर बात को कितनी गहराई से अपनाते हैं। अगर शिक्षक ईमानदारी, मेहनत और इंसानियत का रास्ता अपनाएँगे तो बच्चे भी वैसे ही बनेंगे। इसलिए शिक्षक का हर कदम और हर व्यवहार बच्चों के जीवन पर असर डालता है। आज जब समाज में नफ़रत और बाँटने की ताक़तें सक्रिय हैं, तब शिक्षा ही वह साधन है जो बच्चों को सही सोच, आपसी भाईचारे और इंसानियत का पैग़ाम देती है। एक शिक्षक के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि उसके विद्यार्थी अच्छे इंसान बनें। शिक्षक दिवस हमें यह संदेश देता है कि शिक्षा को केवल नौकरी पाने का साधन न मानें, बल्कि इसे समाज की सेवा और देश की तरक्की का आधार बनाएं। आइए, हम सब यह वादा करें कि अपने शिक्षकों का सम्मान करेंगे, उनकी सीख को जीवन में अपनाएँगे और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करेंगे।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
