जयपुर में ‘संविधान बचाओ’ रैली, काँग्रेस का मोदी सरकार पर हमला
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। राजधानी के रामलीला मैदान में सोमवार 28 अप्रैल को “संविधान व लोकतंत्र बचाओ” रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार व भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश के मान–सम्मान पर हमला हो रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह फिकर नहीं—उन्हें तो चुनावी रैलियाँ करने के लिए बिहार जाने की जल्दी रहती है, पर ऑल-पार्टी मीटिंग में शामिल होने दिल्ली आने का समय नहीं मिलता। क्या दिल्ली उनके लिए बहुत दूर है? यह बहुत ही शर्मनाक है। खड़गे ने याद दिलाया कि कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए और सैकड़ों घायल हैं। उनके मुताबिक, सभी राजनीतिक दलों को बुलाकर सरकार ने एक आपसी बैठक रखी थी, जिसमें प्रधानमंत्री शामिल होते तो स्थिति पर उनकी सभी योजना सामने आ जाती। कांग्रेस ने अपनी वर्किंग कमेटी में भी फैसला किया था कि वे संवैधानिक प्रक्रिया के साथ हैं, लेकिन दुर्भाग्यवश मोदी साहब वहाँ नहीं पहुँचे। इससे साफ है कि देश को इस मुश्किल वक्त में असली नेतृत्व नहीं मिल रहा। रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लोगों से संबोधित करते हुए कहा कि संविधान बचेगा तभी तो तुम बचोगे। उन्होंने कहा हमारे नेता प्रतिपक्ष जब मंदिर में जाते हैं। फिर उसको गंगाजल से साफ कराया जाता है।

- एजेंसियों पर दबाव, निष्पक्ष चुनाव पर सवाल: अशोक गहलोत
रैली में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संबोधित करते हुए कहा कि आज संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। आज देश की सबसे बड़ी जरूरत कांग्रेस का मजबूत होना है। सभी एजेंसियां दबाव में काम कर रही हैं। चुनाव आयोग दबाव में काम कर रहा, ऐसे में कैसे निष्पक्ष चुनाव होंगे। देश के सामने चुनौतियां, देश को मजबूत करने के लिए कांग्रेस की मजबूती जरूरी है।
- संविधान बचाने का मुद्दा पूरे देश का है: सचिन पायलट
रैली में पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कहा कि संविधान बचाने का मुद्दा पूरे देश का है। कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे को उठाने की जिम्मेदारी उठाई है। लगातार संविधान पर प्रहार हो रहा है। चुनाव आयोग आज बिल्कुल निष्पक्ष नहीं रहा। पहलगाम हमला देश पर प्रहार है। यह कोई जाति या धर्म की लड़ाई नहीं है।सरकार को पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देना होगा। पूरा देश, कांग्रेस और विपक्ष केंद्र के साथ खड़ा है। जयपुर में एक विधायक ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। राजस्थान में अगले चुनाव में कांग्रेस की सरकार जरूर बनेगी।
- कोर्ट के आदेशों की अवहेलना और संविधान की अनदेखी पर डोटासरा का प्रहार
इससे पहले PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि इस लड़ाई में कांग्रेस का एक-एक बब्बर शेर कार्यकर्ता साथ है। यहां 5 साल हो गए पर निकाय के चुनाव नहीं करवाए जा रहे। लेकिन खुलेआम संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। कोर्ट के आदेश तक नहीं माने जा रहे। वन स्टेट-वन इलेक्शन के दावे दम तोड़ रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष के जाने पर मंदिर को गंगाजल से धुलाया गया। पाक के साथ खून का बदला खून जैसा सलूक करना चाहिए।
- समानता का अधिकार छीना जा रहा: टीकाराम जूली
संविधान बचाओ रैली में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने संबोधित करते हुए कहा कि देश में संविधान लागू हुआ तब सबको समानता का अधिकार दिया, लेकिन सत्ता में बैठे लोग आज संविधान को खत्म कर रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता के काला झंडा दिखाने पर पूरे परिवार को प्रताड़ित करते हैं। हमने ED को कहा था महेश जोशी को अरेस्ट मत करो उनकी पत्नी बीमार हैं। आज जोशी की पत्नी का निधन हो गया। ऐसी हरकतों से ये संविधान कमजोर कर रहे हैं।
इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सुबह जयपुर पहुंचे। संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी साथ आए हैं। विशेष विमान से दिल्ली से जयपुर आए हैं। प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, अशोक गहलोत, PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सचिन पायलट सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
