ज्वैलर्स की दुकान में डकैती की कोशिश नाकाम, छह आरोपी गिरफ्तार
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। बजाज नगर थाना इलाके में अर्जुन नगर अंडरपास के पास स्थित (P-5 ज्वैलर्स) की दुकान पर लूट की कोशिश का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व आईपीएस तेजस्वनी गौत्तम ने बताया कि 16 जून को हुई इस वारदात में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने किराये की कार लेकर दुकान की दो दिन तक रैकी की और लूट की योजना बनाई थी, लेकिन दुकानदार की सजगता से वारदात विफल रही। पुलिस ने बताया कि जिला स्पेशल टीम और थाना बजाज नगर की संयुक्त टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों को चिन्हित किया। आरोपियों ने हुंडई ओर्रा कार (RJ14TF7876) को वारदात में इस्तेमाल किया, जिसे भी बरामद कर लिया गया है। मुख्य आरोपी कन्हैया मौर्य ने अपने साथियों को गाजियाबाद से बुलाकर घटना से एक दिन पहले जयपुर बुलाया था। वारदात के दिन आरोपियों ने दुकान के पास किराना की दुकान पर बैठकर रेकी की, जैसे ही दुकान खाली हुई, तीन आरोपी दुकान में घुस गए और दुकानदार को काबू करने की कोशिश की, लेकिन दुकानदार की सतर्कता से आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए और मौके से फरार हो गए। भागते समय आरोपियों ने कार की नंबर प्लेट हटा दी थी ताकि पहचान न हो सके, बाद में प्लेट लगाकर गाजियाबाद भाग गए। इस दौरान पुलिस द्वारा कन्हैया मौर्य (21), गाजियाबाद (हाल निवासी महेश नगर, जयपुर), राहुल यादव (21), गाजियाबाद, शिवम प्रजापति उर्फ शुभम (19), गाजियाबाद, रितिक भारती (24), गाजियाबाद, सुदेश कुमार (19), गाजियाबाद संदीप कुमार (21), गाजियाबाद को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी कन्हैया मौर्य और उसके साथी ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे में भारी रकम हार चुके थे, जिस कारण कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने लूट की योजना बनाई थी। आरोपियों ने महेश नगर स्थित कन्हैया के घर के पास स्थित ज्वैलरी शॉप को निशाना बनाया था।कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आशाराम चौधरी, सहायक पुलिस आयुक्त आदित्य पुनिया, थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में जिला स्पेशल टीम और थाना बजाज नगर की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। गिरफ्तारी में हेड कांस्टेबल तुलसीराम, हेमंत, देवेंद्र, उदय, हारूराम, रामावतार कांस्टेबल की विशेष भूमिका रही।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
