विधायक निवास पर जनसुनवाई आयोजित
मनोहरपुर/जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक मनीष यादव के निवास स्थान बिलांदरपुर में जनसुनवाई का आयोजन हुआ। जनसुनवाई में क्षेत्र के ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। लोगों ने गर्मी में अघोषित विद्युत कटौती, पेयजल की समस्या, जलदाय विभाग के खराब पड़े ट्यूबवेल और हैंडपंप, क्षतिग्रस्त सड़क, चिकित्सालय में वायरल बीमारियों के बढ़ते प्रकोप, पेंशन, आवास और राजस्व से संबंधित समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने जन समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को जरिये दूरभाष निर्देश दिए और कई मामलों में त्वरित समाधान की प्रक्रिया शुरू करवाई। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये कि जन समस्याओं को अनदेखा नहीं किया जाए और सभी विषयों पर प्राथमिकता से कार्य किया जाए ताकि आमजन को राहत मिले। विधायक ने कहा कि शासन-प्रशासन अपनी ज़िम्मेदारी समझे तथा आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करे।इस मौके पर मुस्कान सेवा संस्थान की ओर से 13 मई को आयोजित किए जा रहे रक्तदान शिविर का विधायक यादव ने पोस्टर विमोचन किया। विधायक यादव ने सभी से रक्त दान शिविर में शामिल होकर रक्तदान की अपील की तथा कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान होता है, रक्तदान से व्यक्ति कई लोगों की ज़िंदगी बचाता है। जनसुनवाई में मौजूद लोगों ने विधायक मनीष यादव की तत्परता की सराहना की और कहा कि इस प्रकार की पहल से उन्हें अपनी समस्याओं को सीधे जनप्रतिनिधि तक पहुँचाने का मौका मिलता है, जिससे समाधान की उम्मीद भी बढ़ती है।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
