Loading...

आवश्यक सेवाओं, विभागीय कार्यो एवं अंत्योदय संबल पखवाड़ा की प्रगति समीक्षा

बारां

Follow us

Share

कोई भी पात्र व्यक्ति किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहे

शब्बीर हुसैन

बारां,(रॉयल पत्रिका)। जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय सभागार में माह के प्रथम मंगलवार को विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ संपर्क पोर्टल, सीएमओ व वीवीआईपी स्तर से प्राप्त प्रकरणों, दीनदयाल उपाध्याय शिविरों एवं समन्वय संगम पोर्टल पर दर्ज मामलों की स्थिति की गहन समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने 24 जून से जिलेभर में आयोजित किए जा रहे ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा’ के तहत लगाए जा रहे शिविरों की अब तक की प्रगति पर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुसार यह पखवाड़ा जिले के नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है, यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने शिविरों की समीक्षा के दौरान पाया कि कुछ ब्लॉकों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए कलक्टर ने कहा कि जिन ब्लॉकों में कार्यप्रणाली असंतोषजनक पाई गई है, उनके संबंधित अधिकारियों पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने शिविरों की गुणवत्ता, प्रचार-प्रसार और लाभार्थियों की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मौसमी बीमारियों और सर्पदंश को लेकर सतर्कता

बैठक में बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए मौसमी बीमारियों विशेषकर सर्पदंश की घटनाओं को लेकर भी चर्चा हुई। जिला कलक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुदृढ़ की जाए और सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाइयां, एंटी-स्नेक वेनम तथा जागरूकता सामग्री उपलब्ध हो। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमें सक्रिय रहकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दें।

विभागीय कार्यों की समीक्षा

जिला कलक्टर ने बिजली-पानी जैसी बुनियादी आवश्यकताओं की आपूर्ति, संपर्क पोर्टल व अन्य योजनाओं से संबंधित प्रकरणों के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा कर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समयबद्ध तरीके से कार्य करें और जनहित से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता से हल करें। बैठक में एडीएम दिवांशु शर्मा, सीईओ जिला परिषद राजवीर सिंह चौधरी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं अन्य उपस्थित रहे।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।