प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में 3,880 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 44 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शुक्रवार को वाराणसी के मेहदीगंज में 3,880 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 44 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क अवसंरचना, बिजली, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में विकास शामिल है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र के समग्र विकास को बढ़ावा देना है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में काशी के तेजी से विकास पर डाला प्रकाश
बाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने शहर के तेजी से विकास पर प्रकाश डाला और कहा कि काशी अब केवल पुरातनता का प्रतीक नहीं रह गया है, बल्कि प्रगति के मॉडल के रूप में उभरा है। उन्होंने बुनियादी ढांचे के उन्नयन, धार्मिक पर्यटन और बेहतर नागरिक सुविधाओं का हवाला देते हुए परिवर्तन की प्रशंसा की, जिसने प्राचीन शहर को एक आधुनिक शहरी केंद्र में बदल दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने भोजपुरी में कहा कि काशी हमार हौ, हम काशी के हईं। उन्होंने पिछले एक दशक में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया और विपक्ष को कटघरे में खड़ा किया। प्रधानमंत्री ने 70 वर्ष से अधिक आयु के तीन बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड और तीन भौगोलिक संकेत (जीआई) के प्रमाण पत्र भी सौंपे और बनास डेयरी (अमूल) से जुड़े राज्य के डेयरी किसानों को 106 करोड़ रुपये का बोनस भी हस्तांतरित किया।
हम देश के लिए उस विचार को लेकर चलते हैं, जिसका समर्पित भाव है- सबका साथ-सबका विकास
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले जी जैसे त्यागी, तपस्वी, महापुरुषों की प्रेरणा से ही देशसेवा का हमारा मंत्र रहा है- सबका साथ-सबका विकास। हम देश के लिए उस विचार को लेकर चलते हैं, जिसका समर्पित भाव है- सबका साथ-सबका विकास। जो लोग सत्ता हथियाने के लिए दिन-रात खेल खेलते रहते हैं, उनका सिद्धांत है, परिवार का साथ-परिवार का विकास। उन्होंने कहा कि बीते 10 वर्षों में बनारस के विकास ने एक नई गति पकड़ी है। काशी ने आधुनिक समय को साधा है, विरासत को संजोया है और भविष्य को उज्जवल बनाने की दिशा में मजबूत कदम रखे हैं। आज काशी सिर्फ पुरातन नहीं, प्रगतिशील भी है। पीएम मोदी ने कहा कि आज सामाजिक चेतना के प्रतीक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती भी है। महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले जी ने जीवन भर नारी शक्ति के हित, उनके आत्मविश्वास और समाज कल्याण के लिए काम किया। आज हम उनके विचारों को, उनके संकल्पों को, नारी सशक्तिकरण के उनके आंदोलन को आगे बढ़ा रहे हैं, नई ऊर्जा दे रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि कल हनुमान जन्मोत्सव का पावन दिन है और आज मुझे संकटमोचन महाराज की काशी में आपके दर्शन का सौभाग्य मिला है। हनुमान जन्मोत्सव से पहले काशी की जनता आज विकास का उत्सव मनाने यहां एकत्र हुई है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के आर्थिक नक्शे के केंद्र में काशी है। काशी के स्वयं महादेव रखवाले हैं।
पूर्वांचल के अनेक हिस्सों में जुड़ी ढेर सारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
पीएम मोदी ने कहा कि पूर्वांचल के अनेक हिस्सों में जुड़ी ढेर सारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। कनेक्टिविटी को मजबूती देने वाले अनेक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट, गांव-गांव, हर घर नल से जल पहुंचने का अभियान, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं का विस्तार और हर क्षेत्र, हर परिवार, हर युवा को बेहतर सुविधाएं देने का संकल्प। पीएम मोदी ने कहा कि हमने पशुपालकों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी है, उनके लिए लोन की सीमा बढ़ाई है, सब्सिडी की व्यवस्था की है और खुरपका और मुंहपका (एफएमडी) से पशुधन को बचाने के लिए मुफ्त वैक्सीन प्रोग्राम चलाया जा रहा है। आज भारत, दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है। 10 साल में, दूध के उत्पादन में करीब 65 प्रतिशत वृद्धि हुई है।
काशी अब आरोग्य की राजधानी भी बन रही है
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये सफलता देश के करोड़ों किसानों की है, देश के पशुपालक भाइयों की है। ये सफलता एक दिन में नहीं मिली है, बीते 10 वर्षों से हम देश के पूरे डेयरी सेक्टर को मिशन मोड से आगे बढ़ा रहे हैं। 10-11 साल पहले, पूरे पूर्वांचल में इलाज को लेकर जो परेशानियां थीं, वो भी हम जानते हैं। आज स्थितियां अलग हैं, मेरी काशी अब आरोग्य की राजधानी भी बन रही है। दिल्ली-मुंबई के बड़े-बड़े अस्पताल आज आपके घर के पास आ गए हैं। यही तो विकास है, जहां सुविधाएं लोगों के पास आती हैं।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
