Loading...

कई राज्यों में भीषण गर्मी, पीएम मोदी की लोगों से अपील…मौसम विभाग ने बताया कब मिलेगी राहत!

Follow us

Share

नई दिल्ली। देश में 25 जून से नौतपा की शुरुआत हो चुकी है। इस दौरान गर्मी अपने चरम पर है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते तापमान बढ़ रहा है। जिसके कारण कई राज्यों में तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। देश के उत्तर-पश्चिम में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर में दिल्ली-हिमाचल, यूपी, दक्षिण-पश्चिम में ओडिशा और तेलंगाना भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। पश्चिम में गुजरात, महाराष्ट्र और सेंट्रल इंडिया में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के एमपी से लगा हिस्सा और छत्तीसगढ़ में गर्मी का सबसे खतरनाक दौर चल रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इस बीच पीएम मोदी ने लोगों से गर्मी से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

पीएम मोदी की लोगों से अपील

भारत में बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से अधिकतम सावधानी बरतने का आग्रह किया है। पीएम मोदी ने लोगों से अपील करते कहा,’पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, बाहर निकलते समय अपने साथ पानी रखें, दूसरों को भी पानी पिलाएं, ऐसी नेक भावना का बहुत महत्व है।’ प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और बाहर काम करने वाले लोग भीषण गर्मी में खास तौर से असुरक्षित होते हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी से होने वाली थकावट के लक्षणों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

राहत की खबर आई सामने

वहीं इस तपिश के बीच अब लोगों के लिए राहत की खबर भी सामने आई है। गर्मी से जूझ रहे देश के 80-90 फीसदी हिस्से में 29 मई से 5 जून तक प्री-मानसून बारिश हो सकती है। जिसके चलते मौसम करवट ले सकता है और तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक फिलहाल अगले तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं।

Advertisement

उत्तर प्रदेश का बांदा देश में सबसे गर्म शहर

उत्तर प्रदेश का बांदा एक बार फिर मंगलवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां पारा 47.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। लगातार नवें दिन यहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा। बांदा के अलावा उत्तर प्रदेश के पांच और जिलों में तापमान 45 डिग्री से ज्यादा रहा। इनमें उरई, झांसी, प्रयागराज, आगरा और हमीरपुर शामिल हैं।

देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा श्रीगंगानगर

वहीं राजस्थान का श्रीगंगानगर 47 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। बीकानेर और फलोदी में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रहा। जैसलमेर और कोटा में 45 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं जयपुर में भी 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

महाराष्ट्र के कई जिलों में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। ब्रह्मपुरी में पारा 46 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, जो सामान्य से ज्यादा था। इसके अलावा चंद्रपुर में 46, वर्धा में 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नागपुर के सोनेगांव में और गोंदिया में 45 डिग्री सेल्सियस रहा।

इसके अलावा हरियाणा में सिरसा 46, रोहतक और पंजाब के बठिंडा में 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। दिल्ली में भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा था।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।