पिंक फेस्ट 2025: जयपुर में ध्रुवपद संगीत, कला और संस्कृति का महाकुंभ – गूंजेगा ध्रुवपद संगीत का जादू
जयपुर,(रॉयल पत्रिका)। उस्ताद इमामुद्दीन खान डागर इंडियन म्यूजिक, आर्ट एंड कल्चर सोसाइटी और द डागर आर्काइव म्यूज़ियम के तत्वावधान में “अनुगूंज” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में भारतीय शास्त्रीय संगीत की प्राचीन ध्रुवपद परंपरा को जीवंत किया जाएगा, जिसे दुर्लभ और विलुप्त होती भारतीय संगीत शैलियों में से एक माना जाता है। इस बार का प्रमुख आकर्षण पहली बार महिला-पुरुष की ध्रुवपद जुगलबंदी “अनुगूंज” के तहत पहली बार एक अनोखी प्रस्तुति देखने को मिलेगी, जिसमें निलय अहसान शिष्य (पद्मश्री उस्ताद वासिफ उद्दीन डागर) और अर्पिता चक्रवर्ती ध्रुवपद गायन की महिला-पुरुष जुगलबंदी प्रस्तुत करेंगे। यह अपने आप में एक ऐतिहासिक प्रदर्शन होगा, क्योंकि आमतौर पर ध्रुवपद शैली में पुरुष कलाकारों का वर्चस्व रहा है। इस कार्यक्रम में नवाब खान और उनकी टीम भी अपनी प्रस्तुति देंगे, जिसमें ‘राग, रस और शब्दों का अनूठा तानाबाना’ देखने को मिलेगा। यह प्रस्तुति शास्त्रीय वोकल और इंस्ट्रुमेंटल संगीत का संगम होगी, जिसमें ध्वनि और शब्दों की अद्भुत जुगलबंदी दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगी।
डागर परिवार की ऐतिहासिक धरोहर
डागर परिवार, जो ध्रुवपद परंपरा को संजोने का कार्य कर रहा है, इस उत्सव का मुख्य हिस्सा रहेगा। इमरान डागर और शबाना डागर के अनुसार, डागर परिवार के कलाकार पिछले 20 पीढ़ियों से ध्रुवपद संगीत की सेवा व संरक्षण में जुटा हुआ है और वे इस कला को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। राजस्थान सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा रविंद्र मंच के द्वितीय तल पर ‘द डागर आर्काइव’ के लिए विशेष स्थान प्रदान किया गया है, जहां ध्रुवपद की दुर्लभ रिकॉर्डिंग्स, दस्तावेज और ऐतिहासिक धरोहर संरक्षित की जा रही हैं।
पिंकफेस्ट एक बार फिर कला, साहित्य और संस्कृति के अनूठे संगम का गवाह बनेगा। पिंकफेस्ट 2025 कल्चर डिजाइन फेस्टिवल का चौथा संस्करण 21 से 23 फरवरी तक राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी), झालाना डूंगरी में आयोजित किया जाएगा। यह तीन दिवसीय भव्य आयोजन कला प्रेमियों, साहित्यकारों, संगीतज्ञों और सांस्कृतिक धरोहर से जुड़े लोगों के लिए एक खास अनुभव बनने जा रहा है। इस फेस्टिवल में देश-विदेश से कलाकार, लेखक और वक्ता भाग लेंगे। उत्सव में भारतीय सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाली कला प्रदर्शनी, 125 से अधिक वक्ताओं द्वारा 25 संवाद सत्र, लाइव आर्ट कैंप, कल्चर रैंप वॉक, थिएटर प्रस्तुतियां, जयपुर कथक घराने का शास्त्रीय नृत्य, शास्त्रीय गायन-वादन, लोक कला, स्टोरी टेलिंग और दादी-नानी की कहानियां प्रमुख आकर्षण होंगे।
इनके अलावा देश के कई प्रतिष्ठित कलाकार, लेखक और वक्ता इस भव्य आयोजन में शामिल होंगे। इस सांस्कृतिक महोत्सव में दर्शकों को विभिन्न विधाओं का अनुभव मिलेगा, जिनमें गुणीजन सभा – संगीत और कला पर संवाद, आर्ट फिल्म स्क्रीनिंग और आर्ट इंस्टॉलेशन, फोक और क्लासिकल परफॉर्मेंस, नाद योग (ध्वनि ध्यान की प्राचीन विधि), सारंगी और संतूर जुगलबंदी, सरोद और ध्रुवपद जुगलबंदी शामिल हैं। फेस्टिवल में प्रवेश निःशुल्क रहेगा, लेकिन इसमें भाग लेने के लिए पूर्व पंजीकरण आवश्यक है। इच्छुक लोग आधिकारिक वेबसाइट www.pinkfest.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
