जयपुर में गंदे पानी से परेशान लोग सड़कों पर उतरे: दिल्ली रोड पर जाम, मंत्री ने कलेक्टर को दिए कार्रवाई के निर्देश
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। जयपुर-दिल्ली रोड पर आज उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब पंचमुखी हनुमान मंदिर क्षेत्र के आसपास की बस्तियों में रहने वाले लोगों ने सीवरेज और पीने के पानी की समस्या को लेकर सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया। नाराज लोगों ने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले 5 से 7 दिनों से पीने के पानी में सीवरेज का गंदा पानी मिल रहा है, जिससे स्वास्थ्य को गंभीर खतरा बना हुआ है। पंजाबी कॉलोनी, सिंह कॉलोनी, नरवर कॉलोनी समेत आसपास की बस्तियों में रहने वाले लोगों ने बताया कि वे कई बार जलदाय विभाग को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय निवासियों के अनुसार पहले पानी की सप्लाई 40 मिनट तक होती थी, लेकिन अब यह घटकर 20 से 25 मिनट तक सीमित रह गई है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि सप्लाई के शुरुआती 15 मिनट तक केवल गंदा और बदबूदार पानी आता है।
प्रदर्शन के दौरान जब गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म एक कार्यक्रम से लौटते हुए मौके से गुजरे, तो उन्होंने लोगों की बात सुनी और तुरंत जयपुर जिला कलेक्टर को फोन कर मामले के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
सड़क पर बैठे प्रदर्शनकारियों को समझाने के लिए पुलिस और जलदाय विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। समझाइश के बाद लोगों ने जाम हटाया और सड़क को यातायात के लिए खोल दिया गया।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे फिर से उग्र प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
