वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ जयपुर में शांतिपूर्ण विरोध
- जुमातुल विदा की नमाज में हजारों नमाजियों ने काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। रमजान के पाक महीने में जुमातुल विदा की नमाज अदा की गई। जयपुर की जौहरी बाजार जामा मस्जिद में बड़ी संख्या में रोजेदार इकट्ठा हुए और देश में अमन और चैन की दुआ मांगी। इस दौरान नमाजियों ने काली पट्टी बांधकर वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ अपना शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया। यह विरोध ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) की अपील पर किया गया, जिसमें बिल में प्रस्तावित संशोधनों का विरोध जताया गया। इस मौके पर जयपुर से कांग्रेस के दोनों विधायक रफीक खान, अमीन कागजी और वक्फ बोर्ड के चेयरमैन खानु खान बुधवाली भी मौजूद रहे। सभी ने काली पट्टी बांधकर नमाज अदा की और इस बिल को मुस्लिम समाज के लिए अस्वीकार्य बताया। विधायक रफीक खान ने कहा कि “एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईद के तोहफे बांट रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वक्फ संशोधन बिल के जरिए डराने की कोशिश की जा रही है। हमें यह बिल किसी भी हालत में मंजूर नहीं।”नए बिल के तहत वक्फ बोर्ड की संपत्तियों से जुड़ी कानूनी प्रक्रियाओं में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। विवादित संपत्तियों पर ट्रिब्यूनल के बजाय हाईकोर्ट में भी अपील की जा सकेगी। वक्फ संपत्ति घोषित करने के लिए अब दान में दी गई जमीन अनिवार्य होगी। वक्फ बोर्ड में दो महिलाओं और अन्य धर्मों के दो लोगों को शामिल करने का प्रावधान किया गया है। AIMPLB का आरोप है कि यह बिल मस्जिदों, ईदगाहों, मदरसों, दरगाहों, कब्रिस्तानों और परोपकारी संस्थानों को मुस्लिम समाज से छीनने की एक साजिश है।
- शिया समुदाय ने वक्फ बिल और फिलिस्तीन पर जताया विरोध
जयपुर की शिया जामा मस्जिद में जुमातुल विदा की नमाज मौलाना नजिश अकबर काजमी ने अदा करवाई। इस दौरान देश में अमन, शांति और तरक्की की दुआ की गई। शिया समाज ने रमजान के आखिरी शुक्रवार को योम-ए-कुद्स के रूप में मनाया। इस अवसर पर इजराइल द्वारा फिलिस्तीनी मुसलमानों पर किए जा रहे हमलों के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर मौलाना अली इमाम नकवी, मौलाना नजिश अकबर, मौलाना जिया हुसैन और मौलाना मनाजिर हुसैन मौजूद रहे। इसके साथ ही शिया समुदाय ने वक्फ संशोधन बिल 2024 के खिलाफ भी विरोध दर्ज कराया। उनका मानना है कि यह बिल मुस्लिम समाज की धार्मिक संपत्तियों और स्वतंत्रता को प्रभावित करेगा। नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। पुलिस प्रशासन, नगर निगम महापौर, स्थानीय विधायक और वॉलंटियर्स की देखरेख में शांतिपूर्ण विरोध दर्ज किया गया।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
