Loading...

पाकिस्तान के क्वेटा में आत्मघाती हमला, 20 मौतें कई घायल, जाफर एक्सप्रेस के कई डिब्बे पटरी से उतरे

Follow us

Share

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के क्वेटा में एक बड़ा आत्मघाती हमला हुआ है। इस हमले में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई है और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। अल जजीरा की रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर ने चमन फाटक के पास खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। इस आत्मघाती हमले की चपेट में जाफर एक्सप्रेस आ गई। हमले के बाद क्वेटा के सरकारी अस्पतालों में आपातकाल लागू कर दिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमाके के समय ट्रेन क्वेटा कैंट की ओर जा रही थी। विस्फोट इतना जोरदार था कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके के बाद रेलवे ट्रैक के पास आग लग गई। फायर ब्रिगेड, पुलिस, रेस्क्यू टीम और सुरक्षा बल तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस ने बताया कि विस्फोट के असर से आसपास की इमारतों की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और धमाके की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार हमले की जिम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) से जुड़े गुट ने ली है। आखिर बलूच लिबरेशन आर्मी क्या है।

क्या है बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी

बलूच लिबरेशन आर्मी का गठन 1970 के दशक में हुआ था। पाकिस्तान, ब्रिटेन और अमेरिका इसे आतंकी संगठन मानते हैं। बलूचिस्तान में कई लोगों का मानना है कि भारत-पाकिस्तान बंटवारे के बाद वे एक आजाद देश के तौर पर रहना चाहते थे, लेकिन बिना उनकी मर्जी से उन्हें पाकिस्तान में शामिल कर दिया गया था। इस वजह से बलूचिस्तान में सेना और लोगों का संघर्ष आज भी जारी है। BBC के मुताबिक बलूचिस्तान में आजादी की मांग करने वाले कई संगठन हैं, लेकिन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) सबसे ताकतवर संगठन है। ये संगठन 70 के दशक में अस्तित्व में आया और 21वीं सदी में इसका प्रभाव बढ़ा है। BLA बलूचिस्तान को पाकिस्तानी सरकार और चीन से मुक्ति दिलाना चाहता है। उनका मानना है कि बलूचिस्तान के संसाधनों पर उनका हक है। पाकिस्तान सरकार ने बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी को 2007 में आतंकी संगठनों की सूची में शामिल किया था।

Advertisement

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।