हम मोहब्बत की दुकान के सेल्समैन वे नफरत की…….- इमरान प्रतापगढ़ी
-राजस्थान में विकास की बात करनी पड़ेगी – डोटासरा
-राजस्थान प्रदेश कॉंग्रेस अल्पसंख्यक विभाग का पैगाम-ए-मोहब्बत, सद्भावना सम्मेलन आयोजित
जयपुर (रॉयल पत्रिका)। हम सब हमारे नेता राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ के सेल्समैन हैं और वे नफरत की दुकान के सेल्समैन हैं। देश बदल रहा है और अब नफरत की दुकान सिमट रही है। यह बात अल्पसंख्यक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने सोमवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित ‘पैगाम-ए-मोहब्बत’ सद्भावना सम्मेलन में कही।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रतापगढ़ी ने कहा कि राहुल गांधी का संदेश स्पष्ट है— ‘डरो मत, हक की बात करो’। उन्होंने देश में बढ़ते भाईचारे के उदाहरण देते हुए कहा कि आज जनता नफरत फैलाने वालों को पहचान चुकी है और आपसी सद्भाव की मिसालें पेश कर रही है।
प्रदेश में विकास और जनकल्याण पर डोटासरा का जोर
कांग्रेस के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सम्मेलन में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष नफरत फैलाने में माहिर है, जबकि प्रदेश में सड़कें टूटी हुई हैं और बजरी माफिया हावी हैं। डोटासरा ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि हम उन्हें नफरत नहीं फैलाने देंगे, उन्हें जनता के बीच विकास और जनकल्याण की बात करनी ही पड़ेगी। उन्होंने संविधान की धर्मनिरपेक्षता की रक्षा का संकल्प भी दोहराया।
निकाय चुनावों में भाजपा के सफाए का संकल्प
अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एम डी चोपदार के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य सम्मेलन की सभी वरिष्ठ नेताओं ने प्रशंसा की। एम डी चोपदार ने कहा कि देश केवल मोहब्बत से ही चल सकता है और नफरत देश के लिए घातक है। उन्होंने विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ये लोग संतों से भी प्रमाण मांग रहे हैं। चोपदार ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि आगामी निकाय चुनावों में इतनी मेहनत करें कि भाजपा का सफाया हो जाए।
प्रमुख उपस्थिति
इस सद्भावना सम्मेलन में इमरान प्रतापगढ़ी, गोविंद सिंह डोटासरा सहित कांग्रेस के कई दिग्गज नेता और प्रदेशभर से आए अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम ने आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने का काम किया है।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
