‘ऑपरेशन सिंदूर’: पहलगाम हमले के जवाब में भारत की बड़ी सैन्य कार्रवाई, पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले का भारत ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने 6 और 7 मई की दरमियानी रात पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक और निर्णायक एयरस्ट्राइक की। इस कार्रवाई को बेहद संयमित, सीमित और गैर-उत्तेजक तरीके से अंजाम दिया गया।प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के अनुसार, भारतीय सेना ने इस अभियान में पाकिस्तान के 7 शहरों, मुजफ्फराबाद, बहावलपुर, मुरीदके, सियालकोट, कोटली, बाघ, गुलपुर, भिंबेर और शकरगढ़ — में स्थित आतंकी अड्डों को निशाना बनाया। इन हमलों में आतंकवादी सरगनाओं हाफिज सईद और मसूद अजहर के ठिकानों को भी नष्ट कर दिया गया।
22 अप्रैल 2025 को कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर भीषण आतंकी हमला हुआ था। इसमें 25 भारतीय नागरिकों और एक नेपाली पर्यटक की हत्या कर दी गई थी। हमले के पीछे पाकिस्तान समर्थित आतंकियों का हाथ बताया गया, जिन्होंने धर्म पूछकर पर्यटकों को निशाना बनाया। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे देश में रोष फैल गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले के तुरंत बाद सख्त चेतावनी दी थी कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके बाद 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक में सेना को जवाबी कार्रवाई की पूरी छूट दी गई।
क्यों नाम पड़ा ‘ऑपरेशन सिंदूर’?
इस हमले में जिन महिलाओं के पति मारे गए, उनके माथे का सिंदूर उजड़ गया था। इस प्रतीकात्मक चोट का बदला लेने और न्याय दिलाने के लिए इस सैन्य अभियान को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया। सेना का यह भी कहना है कि यह ऑपरेशन भारत की न्यायिक भावना और राष्ट्रीय आत्मसम्मान का प्रतीक है।
भारतीय सेना ने इस ऑपरेशन को रात डेढ़ बजे अंजाम दिया। इसमें घातक ड्रोन, मिसाइलें और सटीक निर्देशित हथियारों का इस्तेमाल किया गया। खास बात यह रही कि किसी भी पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान को निशाना नहीं बनाया गया, जिससे यह कार्रवाई एक रणनीतिक संदेश देते हुए भी सीमित दायरे में रही। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ है, न कि किसी देश के खिलाफ। भारत ने लक्ष्य के चयन में उच्च संयम बरता है और यह ऑपरेशन अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करते हुए किया गया है। आज शाम इस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी एक आधिकारिक प्रेस ब्रीफिंग में दी जाएगी। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से भारत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद को प्रायोजित करने की कीमत चुकानी होगी। यह कार्रवाई आतंकियों के हौसले तोड़ने के साथ-साथ भारत की सुरक्षा नीति में आए बदलाव को भी दर्शाती है — अब हर हमले का जवाब ज़रूर मिलेगा।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
