Loading...

पहलगाम मामले पर भारत के मुसलमान प्रधानमंत्री मोदी और सरकार के हर कदम के साथ

Jaipur

Follow us

Share

  • देश के अंदर कुछ लोग हिंदू-मुस्लिम के बीच नफरत की राजनीति करके देश की एकता और अखंडता को कमजोर कर रहे हैं

एम. खान

जयपुर,(रॉयल पत्रिका)। पहलगाम आतंकवादी घटना ने पूरे भारतवर्ष की जनता के दिलों को झकझोर कर रख दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के हर कदम के साथ भारतीय मुसलमान तन,मन एवं धन से तैयार है।  यदि सरकार भारतीय मुसलमान को पाकिस्तान के खिलाफ बॉर्डर पर जाने की इजाजत देती है तो मैं समझता हूं कि करोड़ों की संख्या में मुसलमान पाकिस्तान सीमा पर कूच करने में समय नहीं लगाएंगे, क्योंकि देश की एकता और अखंडता सभी नागरिकों के लिए जरूरी है। भारत के मुसलमान दिल से देश को चाहते हैं और देश की खातिर कोई सी भी कुर्बानी देने को तैयार हैं। वैसे भी देश के मुसलमानों का इतिहास कुर्बानियों की कहानियों से भरा पड़ा है। देश में मुसलमानों का बच्चा-बच्चा जानता है कि पाकिस्तान भारत का दुश्मन देश है और मुसलमानों के लिए परेशानी खड़ा करने के अलावा कुछ नहीं कर सकता है। इस्लाम के नाम पर बने पाकिस्तान में मुसलमान अवाम के पास रहने के लिए मकान, पहनने के लिए कपड़े और पेट भरने के लिए राशन नहीं है। पाकिस्तानी अवाम, बेरोजगारी से परेशान है, जबकि भारतीय मुसलमान चैन से जीवनयापन कर रहा है। यहां हर तरह की स्वतंत्रता है। वैसे भी हजारों मुसलमानों ने देश को स्वतंत्र करवाने में अपनी जान की कुर्बानियां दी हैं और स्वतंत्रता के बाद भी देश के विकास एवं सुरक्षा में बड़ा योगदान दिया है। जब-जब देश के साथ दुश्मन देश का युद्ध हुआ है या फिर कोई दूसरी आपदा सामने आई है तो देश के मुसलमानों ने हमेशा मैदान में उतरकर देश के सभी नागरिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपना योगदान दिया ।

कुछ लोग नफरत फैलाकर पाकिस्तान की भाषा बोलकर देश को कमजोर करना चाहते हैं। देश के कुछ राजनेता, कार्यकर्ता एवं मनचले लोग पाकिस्तान की भाषा बोलकर देश को कमजोर करना चाह रहे हैं। इनमें से कुछ नेता पाकिस्तान के बॉर्डर पर नहीं जाकर देश के मुसलमानों की इबादतगाह में जबर्दस्ती घुसकर माहौल खराब कर रहे हैं तो कई चलते फिरते मुसलमानों से नाम पूछकर मारपीट करके भारतीय समाज को आपस में लड़ाने के प्रयास कर रहे हैं। जबकि इस नाजुक समय में देश का साथ देना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को मजबूत करना अपना कर्त्तव्य समझना चाहिए। जिससे प्रधानमंत्री मोदी, सेना के अधिकारियों के साथ मिलकर पाकिस्तान को बड़ा सबक सिखाने का निर्णय ले सकें और कारगर कार्यवाही कर सकें। राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने नफरत फैलाने वाले अपनी पार्टी के नेताओं को अलग-थलग करने एवं सभी धर्म और समाज को एकजुट रहने का आहवान किया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की यह अच्छी बात है जिसका सभी प्रदेश्वासियों को स्वागत करना चाहिए।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।