‘नरेगा आखर’: जयपुर जिला प्रशासन का विनम्र प्रयास
प्रतिभागियों को दी गई ‘वीबी-जी-राम-जी’ की जानकारी
41 हजार से अधिक श्रमिक हुए उत्तीर्ण — अब डिजिटल साक्षरता पर जोर
जयपुर (रॉयल पत्रिका)। महात्मा गांधी नरेगा, महिला एवं बाल विकास विभाग, साक्षरता एवं सतत् शिक्षा विभाग तथा प्रारंभिक शिक्षा विभाग के सहयोग से निरक्षर नरेगा श्रमिकों एवं अन्य ग्रामीणों को सशक्त बनाने के लिए जयपुर जिले में ‘नरेगा आखर’ (साक्षरता से सशक्तिकरण) अभियान चलाया जा रहा है। जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी की प्रेरणा से जुलाई 2025 में शुरू हुए इस रचनात्मक कार्यक्रम के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
सफलता के आंकड़े: एसेसमेन्ट टेस्ट
इस अभियान के तहत शामिल निरक्षर श्रमिकों का 21 सितम्बर 2025 को एसेसमेन्ट टेस्ट आयोजित किया गया था।
-
कुल परीक्षार्थी: जिले के 46,219 निरक्षर नरेगा श्रमिकों ने परीक्षा दी।
-
उत्तीर्ण श्रमिक: इनमें से 41,290 श्रमिक सफल रहे।
कार्यशाला और सम्मान
इसी क्रम में शुक्रवार को जिला परिषद जयपुर के सभागार में एसेसमेन्ट टेस्ट में पास श्रमिकों के लिए उच्च अध्ययन तथा वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता के संबंध में कार्यशाला/प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
-
वीबी-जी-राम-जी: प्रतिभागियों को “वीबी-जी-राम-जी” (VB-G-RAM-G) की प्रारंभिक जानकारी प्रदान की गई।
-
अंकतालिका वितरण: एसेसमेन्ट टेस्ट में पास प्रत्येक ब्लॉक से 02 चयनित महिला श्रमिक, जो उच्च अध्ययन की इच्छुक हैं, उन्हें अंकतालिका का वितरण किया गया।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (ग्रा. वि.) ब्रजमोहन गुप्ता ने की। वहीं, जिला परियोजना प्रबंधक (राजीविका) अनुपमा सक्सेना ने भी महिला श्रमिकों एवं मेटों को आवश्यक जानकारी दी।
अगला चरण: जनवरी 2026 से डिजिटल साक्षरता
‘नरेगा आखर’ अभियान का द्वितीय चरण जनवरी 2026 में प्रारंभ होगा। इसकी रूपरेखा इस प्रकार है:
-
ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण: आगामी सप्ताह में (दिनांक 30 दिसम्बर से 3 जनवरी तक) पंचायत समिति स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम होंगे।
-
वित्तीय व डिजिटल साक्षरता: दिनांक 5 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक की अवधि में नरेगा श्रमिकों को वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता प्रदान की जाएगी।
-
उच्च अध्ययन (10वीं पास): जो सफल महिला श्रमिक 10वीं पास करने की इच्छुक हैं, उनका साक्षरता एवं सतत् शिक्षा विभाग के माध्यम से सर्वे कर उच्च अध्ययन प्रारंभ करवाया जाएगा।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
