Loading...

NEET की नई तारीख का ऐलान, अब देशभर में 21 जून को होगी परीक्षा… छात्रों को नहीं देनी होगी एग्जाम फीस!

Follow us

Share

नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET-UG की नई तारीख का ऐलान कर दिया। अब यह परीक्षा देशभर में 21 जून को होगी। इससे पहले यह परीक्षा 3 मई को हुई थी। हालांकि, NTA ने पेपर लीक की आशंका के बाद इस एग्जाम को 12 मई को रद्द कर दिया था। अब इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी गई है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने आवास पर गुरुवार शाम को दोबारा परीक्षा को लेकर बैठक की थी। इस अहम बैठक में शिक्षा मंत्रालय और परीक्षा कराने वाली एजेंसी के कई बड़े अधिकारी शामिल हुए थे। इस बैठक का मकसद यही था कि रद्द हुई परीक्षा को अब नए सिरे से कैसे कराया जाए ताकि आगे कोई भी गड़बड़ी न हो। सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि इस बार दोबारा परीक्षा पूरी तरह से पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से हो, जिससे दिन-रात मेहनत करने वाले छात्रों के साथ कोई अन्याय न हो। अब इस पूरे मामले पर केंद्रीय मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

शिक्षा मंत्री बोले-अगले एग्जाम की फीस शून्य होगी

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, एग्जाम में कुछ सुधार लेकर आए हैं। अगली परीक्षा जो होने वाली है। जो एग्जाम होगा, उसकी फीस वापस करेंगे। अगले एग्जाम की फीस शून्य होगी। ताकि विद्यार्थियों पर बोझ न आए। उन्होंने कहा कि छात्रों को अपनी पसंद का शहर चुनने का ऑप्शन खुला रहेगा। परीक्षा के समय में 15 मिनट का और इजाफा किया गया है। एग्जाम दोपहर 2 से शुरू होगा, शाम 5.15 बजे तक चलेगा। एडमिट कार्ड 14 जून तक मिल जाएगा। अगले साल से एग्जाम कंप्यूटर बेस्ड होगा। एग्जाम कैंसिल करने का दायित्व NTA ने ही लिया है। 7 मई को उसे पेपर लीक के बारे में पता चला कि गड़बड़ हुई है। उसने सरकार को बताया। फिर 12 मई को फैसला लिया गया। हर चीज के लिए NTA ही जिम्मेदार होगा।

एनटीए क्या बोला?

परीक्षा की तारीख की घोषणा करते हुए एनटीए ने कहा कि उसने केंद्र सरकार की अनुमति के बाद नीट-यूजी-2026 की पुन: परीक्षा रविवार 21 जून 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है। परीक्षार्थियों व अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल एनटीए के आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।

Advertisement

NEET पेपर लीक केस में अब तक 7 गिरफ्तारियां

CBI ने इस मामले में अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 5 यानी राजस्थान से पकड़े गए मांगी लाल बिंवाल, जमवारामगढ़ के भाई दिनेश बिंवाल, बेटा विकास बिंवाल, हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले यश यादव और नासिक से शुभम खैरनार को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने पांचों आरोपियों को 7 दिन की कस्टडी में भेज दिया है। सीबीआई ने इनके अलावा, पुणे से ब्यूटीशियन मनीषा वाघमारे, नासिक से धनंजय लोखंडे को गिरफ्तार किया था।

एनटीए महानिदेशक ने दिया जवाब

गुरुवार को एनटीए महानिदेशक अभिषेक सिंह ने भरोसा दिया था कि बच्चों की मेहनत से इस बार कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा, पेपर लीक माफिया के कारण ईमानदारी से पढ़ाई कर रहे लाखों छात्रों को नुकसान पहुंचा है। भविष्य में दोबारा ऐसा न हो, उसकी पुख्ता व्यवस्था करेंगे। सिंह ने कहा, जिस भी छात्र या अभिभावक के पास पेपर लीक से जुड़ी जानकारी या सैंपल पेपर उपलब्ध होने से जुड़ी जानकारियां हैं, वे उन्हें ईमेल से भेज सकते हैं। उनका नाम जाहिर नहीं किया जाएगा।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।