Loading...

आज से शुरू हुआ नौतपा, कई राज्यों में पारा 46 डिग्री के पार, राजस्थान में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना

Follow us

Share

नई दिल्ली। देश में 25 मई (सोमवार) से नौतपा की शुरुआत भी हो गई है। इसका मतलब है कि आगामी 9 दिनों तक सूरज की तपिश और बढ़ेगी। सूरज की तपिश के चलते हीटवेव और तापमान भी बढ़ेगा। नौतपा के चलते तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा बना रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, भारत के 50 से ज्यादा शहर दुनिया के सबसे गर्म शहर बने हुए हैं। रविवार को महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र का ब्रह्मपुरी लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक है। वहीं उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश समेत देश के बड़े हिस्से में अधिकतम तापमान 43 से 47 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।

शुक्रवार तक लू से कोई राहत नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और पश्चिमी-दक्षिणी भारत को छोड़कर अन्य हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच बना रहा। देश के बड़े भू-भाग में शुक्रवार तक राहत की उम्मीद भी नहीं है। खासकर राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात के बड़े हिस्से में तेज गर्मी जारी रहने की आशंका जताई गई है।

राजस्थान में 47 डिग्री तक जा सकता है पारा

राजस्थान में पारा आने वाले दिन में 47 डिग्री या उससे ऊपर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। अगले चार दिन राज्य में तेज गर्मी पड़ने की संभावना है। सोमवार को तीन जिलों में हीटवेव का ऑरेंज और 16 जिलों के लिए यलो अलर्ट है। 28 मई के बाद एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो सकता है। इसके असर से राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाने, आंधी चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ ओले गिरने के आसार हैं। यह जून के पहले सप्ताह तक जारी रह सकता है।

Advertisement

केरल में बारिश, उत्तराखंड में ओले

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून तय समय से 4 दिन पहले 26 मई को केरल के तट से टकरा सकता है। इसके पहले ही केरल, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में मानसून पूर्व बारिश शुरू हो चुकी है। केरल और लक्षद्वीप, तमिलनाडु, उत्तर-पूर्वी व उससे सटे इलाकों में अगले 4-5 दिनों तक कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। असम, सिक्किम, अरुणाचल, मेघालय के अलावा पश्चिम बंगाल के हिमालयी इलाकों में मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तेज आंधी-बारिश का अनुमान जारी किया है। असम, मेघालय, ओडिशा, झारखंड, उप हिमालयी प. बंगाल में कुछ स्थानों पर 60-100 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे में कई जगह ओले गिरने की सूचना है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।