Loading...

राष्ट्रहित सर्वोपरि: बारां जिला प्रशासन की सराहनीय पहल

Jaipur

Follow us

Share

  • सिविल डिफेन्स प्रशिक्षण जारी, जिले के नागरिक उत्साह से दिखाएं सक्रियता

शब्बीर हुसैन

बारां, (रॉयल पत्रिका)। देश की पश्चिमी सीमाओं पर व्याप्त तनाव के बीच, जिला प्रशासन ने किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए अनेक कदम उठाए हैं। जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों और जिले के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कर बहुमूल्य सुझाव प्राप्त किए। इसके साथ ही, उन्होंने स्वयंसेवक के रूप में स्वेच्छा से सेवाएं देने की अपील की, जिस पर 1500 से अधिक नागरिकों ने अविश्वसनीय उत्साह दिखाते हुए अपना पंजीकरण कराया है। इन नागरिकों के राष्ट्रप्रेम और सेवाभाव की जिला कलक्टर ने मुक्त कंठ से सराहना की है। इससे संभावित खतरे से निपटने के लिए एक मजबूत आधार तैयार हुआ है। प्रशासन की अपील पर इतनी बड़ी संख्या में नागरिकों का आगे आना यह दर्शाता है कि बारां के लोग राष्ट्रहित के लिए सदैव तत्पर हैं। इसी क्रम में, जिला प्रशासन द्वारा निरंतर सिविल डिफेंस प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। देश में तनाव स्थिति को देखते हुए, इन शिविरों का उद्देश्य आमजन को आपदा प्रबंधन, राहत और बचाव के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित करना है। संभावित हवाई हमले, बमबारी या मेडिकल इमरजेंसी जैसी विषम परिस्थितियों में प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए जिला प्रशासन, सिविल डिफेंस और चिकित्सा विभाग मिलकर कार्य कर रहे हैं। रविवार को बारां शहर के पब्लिक पार्क में सिविल डिफेन्स प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। चिकित्सा विभाग की कुशल टीम ने लोगों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) जैसी जीवन रक्षक तकनीक सिखाई, जो गंभीर हृदय संबंधी आपात स्थिति में किसी व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। वहीं, सिविल डिफेंस  के विशेषज्ञों ने आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली आवश्यक सुरक्षा रणनीतियों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। इसमें सायरन बजने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर छिपना, बमबारी के बाद घायलों को प्राथमिक उपचार देना और उन्हें सुरक्षित रूप से नजदीकी अस्पतालों तक पहुंचाना जैसे महत्वपूर्ण पहलू शामिल थे। इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला प्रमुख  नंदलाल सुमन, जिला रसद अधिकारी अनिल चौधरी, एसडीएम बनवारी लाल बैरवा, तहसीलदार दशरथ मीणा, सीएमएचओ डॉ. संजीव सक्सेना, वरिष्ठ पीटीआई अध्यापक सुनील शर्मा सहित सिविल डिफेंस के अनेक वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारियों की उपस्थिति ने प्रशासन की गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाया।

जिला कलक्टर  रोहिताश्व सिंह तोमर का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि संकट की घड़ी में आमजन को घबराने के बजाय सजग और आत्मनिर्भर बनना होगा, ताकि जान-माल का अधिकतम बचाव सुनिश्चित किया जा सके।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।