Loading...

नागौर में दर्दनाक हादसा, रोडवेज बस और कार की टक्कर में 4 श्रद्धालुओं की मौत, 2 बच्चों सहित 8 लोग घायल

Follow us

Share

मेड़ता/नागौर। राजस्थान के नागौर में रविवार सुबह भीषण हादसा हो गया। रोडवेज बस और ईको कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 2 महिलाओं सहित 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 2 मासूम बच्चों सहित 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद बस सड़क किनारे खेत में जा घुसी। हादसा रविवार सुबह करीब 8 बजे नागौर-अजमेर नेशनल हाईवे (NH-58) पर कुचेरा इलाके में हुआ।

गंभीर घायलों को किया मेड़ता रेफर

घटना की सूचना मिलते ही कुचेरा थानाधिकारी हबीब खां टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत रेण के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जशोदा और संतोष सहित तीन गंभीर घायलों को मेड़ता उप-जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज रेण और कुचेरा के अस्पतालों में चल रहा है।

बुटाटी धाम जा रहा था परिवार

पुलिस के अनुसार, जोधपुर जिले के मादलिया क्षेत्र के रावलानिया गांव का परिवार ईको कार में सवार होकर मेड़ता (नागौर) स्थित प्रसिद्ध संत चतुरदास महाराज के दर्शन के लिए बुटाटी धाम आ रहा था। रविवार सुबह बुटाटी से मात्र 10 किलोमीटर पहले चकढ़ाणी गांव के पास सामने से आ रही नागौर-मेड़ता रूट की रोडवेज बस से उनकी कार टकरा गई। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने हॉस्पिटल जाते समय दम तोड़ दिया। कार सवार अन्य सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में सवार सभी 15 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए कुचेरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर छा गई है।

Advertisement

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।