पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए की थी हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार
झुंझुनू (रॉयल पत्रिका)। झुंझुनू पुलिस ने 25 अक्टूबर 2025 को चर्चित हिस्ट्रीशीटर डेनिश बावरिया हत्याकांड का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि यह हत्या पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि इसी साल मार्च 2025 में मृतक डेनिश बावरिया और उसके साथियों ने मुख्य आरोपी दीपक मालसरिया के साथ मारपीट कर उसकी गाड़ी तोड़ दी थी। इसी का बदला लेने के लिए दीपक, मंदीप उर्फ मदिया और हितेश मील ने डेनिश की हत्या की पूरी साजिश रची।
230 CCTV खंगाले, कई राज्यों में दी दबिश-
एसपी उपाध्याय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए 5 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने हिसार, चूरू, जयपुर, नोएडा और सीकर समेत कई ठिकानों पर दबिश दी। करीब 230 सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी आसूचना के आधार पर पुलिस ने 5 आरोपियों को सीकर और हरियाणा से दबोच लिया।
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम-
पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर को आरोपियों ने पहले डेनिश की रैकी की। जब डेनिश अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से जा रहा था, तब 3 कैंपर गाड़ियों में सवार आरोपियों ने चूरू बाईपास पर उसकी गाड़ी को टक्कर मारकर रोका। इसके बाद उन्होंने डेनिश पर लोहे के पाइपों से जानलेवा हमला किया, उसे अगवा कर लिया और रसोड़ा गांव के पास मारपीट कर मरा हुआ समझकर फेंक गए। आरोपी डेनिश की सोने की चैन और 3 लाख रुपए भी लूट ले गए थे। 21 अक्टूबर को जयपुर में इलाज के दौरान डेनिश की मौत हो गई थी। फिलहाल गिरफ्तार किए गए 5 आरोपियों से पूछताछ जारी है, जबकि हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता दीपक मालसरिया और मंदीप समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
